महेंद्रगढ़। नगर पालिका कार्यालय में वीरवार को दोपहर 1 बजे हाउस की बैठक में 18 मुद्दों पर चर्चा होगी। शहर में करीब 20 दिनों से सफाई न होने और नेताओं की कोठियों में सफाई होने की बात को लेकर पार्षदों में नाराजगी है। ऐसे में बैठक के दौरान इस मुद्दे पर हंगामा होने के आसार हैं।
बैठक का मुख्य मुद्दा हरियाणा सरकार की अधिसूचना के अनुसार प्रत्येक वार्ड पार्षद को अपने वार्ड में 1.50 लाख रुपये तक के विकास कार्य करवाने के लिए बजट उपलब्ध कराना है। इस मुद्दे को लेकर भी पार्षदों में रोष है।
इसके अलावा, सभी अनुसूचित जाति वार्डों और अन्य वार्डों में मूलभूत सुविधाओं के लिए एक विशेष एजेंसी से सर्वेक्षण कराना, सब्जी मंडी से बालाजी चौक तक सड़क और नाले के निर्माण, मोहल्ला सैनीपुरा स्थित सामुदायिक केंद्र की चारदीवारी, टिन शेड कार्य, वर्ष 2022-2023 में घर-घर कचरा संग्रहण करने वाली एजेंसी को भुगतान संबंधी कानूनी नोटिस देने पर चर्चा करना रहेंगे।
बैठक में रखे जाने वाले प्रमुख प्रस्ताव
-हुड्डा पार्क से सटी आईटीआई विभाग की जमीन पर दिव्यांगों, महिलाओं और बच्चों के लिए पार्क बनाने का प्रस्ताव।
-हुड्डा पार्क में सुरक्षा के लिए सीसीटीवी लगाने और मुख्य प्रवेश द्वार पर लाइटिंग बोर्ड के साथ ‘आई लव महेंद्रगढ़’ लिखवाने का प्रस्ताव।
-शहर के प्रमुख चौराहों और अन्य जरूरी स्थानों पर सोलर लाइटें लगाने का प्रस्ताव।
-श्मशान घाट व धोलपोश में पानी का बोर, पानी की टंकी और शौचालय बनाने तथा खाली जगह पर टाइल लगाने का प्रस्ताव।
-धोलपोश गोशाला से मोडावाली आश्रम रोड तक सड़क बनाने और स्ट्रीट/सोलर लाइटें लगाने का प्रस्ताव।
-नगर के मोहल्लों और गलियों में चल रही मांस की दुकानों को हटाकर दूसरी जगह स्थानांतरित करने का प्रस्ताव।
-सड़क सुरक्षा के लिए स्पीड ब्रेकर, स्टील स्टॉपर, साइन बोर्ड, ट्रैफिक लाइट, सोलर ब्लिंकर और बैरिकेड्स लगाने का प्रस्ताव।
-दूध, दही, बेकरी, फल और जूस आदि के लिए छोटे बूथ बनाने तथा मीडिया हाउस के लिए जगह उपलब्ध कराने का प्रस्ताव।
-माजरा चुंगी से भाई राम सिंह की कोठी तक के मार्ग का नाम पूर्व मुख्यमंत्री राव बीरेंद्र सिंह के नाम पर रखने का प्रस्ताव।
-शहर की सभी हाईमास्ट लाइटों को चालू करने के लिए खराब मोटर और लाइटें बदलने का प्रस्ताव।
-
पार्षदों का आरोप : हड़ताल की आड़ में छिप रहे पक्के कर्मचारी
उप प्रधान मंजू कौशिक, पार्षद राजेश कुमार, सुखबीर यादव, सुनील तायल, भतेरी देवी, ममता सोनी, देवेंद्र सैनी ने बताया कि नगर पालिका महेंद्रगढ़ में करीब 76 कर्मचारी हैं जिनमें कच्चे कर्मचारी लगभग 50 हड़ताल पर हैं और 25 से 30 पक्के कर्मचारी जिनका हड़ताल से कोई लेना-देना नहीं है वे कोठियों में छिपे बैठे हैं और शहर में सफाई कार्य से छिप रहे हैं। नगर पालिका से पूरा वेतन ले रहे हैं और अब तक नगर पालिका उनसे शहर में सफाई कार्य नहीं करवा पा रही है। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर पक्के कर्मचारी शहर में सफाई नहीं करेंगे तो प्रशासन व शहरी निकाय मंत्रालय को इसकी शिकायत दर्ज करवाई जाएगी। साथ ही नपा अधिकारियों पर भी कोठी मालिकों का दबाव बनाने का आरोप लगाया है।
फोटो संख्या:60- शंकर कॉलोनी में गंदगी के ढेर के नजदीक से मुंह ढ़क्कर जाती महिला--संवाद