नारनौल। नगर परिषद नारनौल के चुनाव को डेढ़ साल का लंबा समय बीत जाने के बाद नगर परिषद हाउस की अब तक केवल एक बार ही बैठक हो पाई है। बैठक का लंबा समय बीत जाने के कारण शहर में विकास कार्य भी नहीं हो पा रहे हैं। शहर में विकास कार्य नहीं होने से अनेक पार्षदों में रोष भी व्याप्त है और वे कई बार हाऊस की बैठक करवाने की मांग भी कर चुके हैं।
पार्षदों में पनपते जा रहे रोष को शांत करने के लिए अब नगर परिषद प्रशासन ने बुधवार को 11 बजे हाऊस की बैठक करने का निर्णय लिया है। हाउस की बैठक के बाद बजट बैठक का भी आयोजन किया जाएगा। नगर परिषद हाऊस की बैठक पार्षदों के साथ-साथ शहरवासियों के लिए भी चर्चा का विषय बनी रहती है। नगर परिषद हाउस की बैठक नहीं होने के चलते 19 जनवरी को अमर उजाला ने भी पार्षदों में पनप रहे रोष की खबर प्रकाशित की थी। इसके चलते अब नगर परिषद प्रशासन ने इस पर संज्ञान लेते हुए हाउस की बैठक करने का निर्णय लिया।
शहर में विकास कार्यों में तेजी आए और नगर परिषद हाउस की बैठक हो इसके लिए सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्यमंत्री ओमप्रकाश यादव ने भी गत दिवस नगर परिषद प्रशासन व चेयरपर्सन के साथ बैठक की। नगर परिषद की बुधवार को होने वाली हाउस की बैठक में इस बार नए शामिल किए 9 वार्डों में विकास को लेकर भी हंगामा होने की संभावना है। नगर परिषद में इस बार जो 9 वार्ड शामिल किए गए है, उनमें लगभग शहर से सटे गांव है, जिनमें विकास की बहुत ज्यादा जरूरत है। इन वार्डों को शहर में शामिल करने के बाद लोगों में खुशी थी की अब इन गांवों का विकास शहर की तर्ज पर होगा। परंतु हालत उससे भी खराब हो गए है। इसके अलावा पार्षद शहर में सफाई, स्ट्रीट लाइट, सड़के, अतिक्रमण, बदहाल पार्कों स्थिति सहित चितवन वाटिका व पुरानी कचहरी का मुद्दा भी उठा सकते है। वहीं शहर के लोगों के लिए सबसे विकट समस्या बनी काफी दिनों से बंद पड़े छलक नाले का निर्माण कार्य का मुद्दा भी उठ सकता है।