महेंद्रगढ़। जिले में खेल सुविधाओं के विस्तार और खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए सांसद धर्मबीर सिंह ने प्रदेश के मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर कई महत्वपूर्ण मांगें रखी हैं। विकास एवं निगरानी समिति के सदस्य संदीप मालड़ा ने बताया कि जिले के राजीव गांधी खेल परिसरों में एथलेटिक्स, बॉक्सिंग, वॉलीबॉल और कबड्डी की खेल नर्सरी शुरू की जाए।
उन्होंने सुझाव दिया कि इन खेल परिसरों में योग्य कोचों की नियुक्ति की जाए जिससे खिलाड़ियों को नियमित और गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण प्राप्त हो और वे राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ सकें।
सांसद ने यह भी मांग की कि हाल ही में सरकार द्वारा स्वीकृत खेल नर्सरियों में तीरंदाजी, बॉक्सिंग और खो-खो जैसे खेलों को शामिल नहीं किया गया है, जबकि इनके लिए आवेदन भी प्राप्त हुए थे। इसलिए कम से कम प्रत्येक खेल की एक-एक नर्सरी को मंजूरी दी जानी चाहिए।
जिले में पाली, छिलरो, डोहर कलां, धौलेड़ा, चेलावास और सिहमा सहित छह राजीव गांधी खेल परिसर संचालित हैं। सांसद खेल महोत्सव के दौरान लगभग एक करोड़ रुपये खेल परिसरों की मरम्मत के लिए स्वीकृत कराए गए थे।
साथ ही सांसद धर्मबीर सिंह की पहल पर नारनौल के बडगांव-बडकोदा में लगभग 14 एकड़ भूमि पर एक बड़ा खेल स्टेडियम बनाए जाने को भी मंजूरी मिल चुकी है जिससे क्षेत्र के खिलाड़ियों को अत्याधुनिक सुविधाएं मिल सकेंगी।