महेंद्रगढ़। हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय ने लीड (एलजेके इकोनॉमिक ग्रोथ एंड डेवलपमेंट डायलॉग) के साथ एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए। यह समझौता शैक्षणिक सहयोग, शोध-आधारित नीति निर्माण, समावेशी विकास से जुड़ी पहलों व राष्ट्रीय एकीकरण को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
इस समझौता ज्ञापन पर हकेंवि के कुलपति प्रो. (डॉ.) टंकेश्वर कुमार तथा लीड के संयोजक हरिंदर गुप्ता ने हस्ताक्षर किए। पंजाब विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. (डॉ.) रेनू विज विशेष रूप से उपस्थित रहीं।
इसके अतिरिक्त लीड बोर्ड सदस्य सीए राजीव गुप्ता व संजीव शर्मा, हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ बिजनेस एंड मैनेजमेंट स्टडीज के अधिष्ठाता प्रो. रंजन अनेजा सहित पंजाब विश्वविद्यालय व हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय के वरिष्ठ शिक्षकगण भी उपस्थित रहे।
हकेंवि कुलपति प्रो. टंकेशवर कुमार ने कहा कि लीड के साथ किया गया कि यह समझौता शोध-आधारित नीति निर्माण व अकादमिक सहयोग को सशक्त करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
उन्होंने कहा कि यह साझेदारी समावेशी विकास, राष्ट्रीय एकता व समकालीन सामाजिक-आर्थिक चुनौतियों के समाधान हेतु साक्ष्य-आधारित शोध में शिक्षकों व विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी को प्रोत्साहित करेगी।
लीड के संयोजक हरिंदर गुप्ता ने कहा कि लीड एक अनूठी पहल है, जिसमें समान विचारधारा वाले पेशेवर, विशेषज्ञ, शिक्षाविद, उद्यमी व सामाजिक चिंतक शामिल हैं। यह पहल जम्मू-कश्मीर एवं लद्दाख के लिए सतत, समावेशी व क्षेत्र-विशिष्ट विकास मॉडलों को बढ़ावा देने के लिए समर्पित है।
उन्होंने कहा कि रणनीतिक साझेदारियों के माध्यम से लीड रचनात्मक संवाद, शोध-आधारित नीति समर्थन व सहभागी विकास को प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है।