मंडी अटेली। क्षेत्र में कभी भी मानसून सक्रिय हो सकती है, लेकिन अभी तक अटेली कस्बे के गंदे पानी के निकासी के मुख्य नाले की सफाई नहीं हुई है। इससे दुकानों व घरों में बारिश व निकासी के दूषित पानी घुसने का लोगों को भय सता रहा है।
अटेली कस्बा वासी सतीश कुमार, भोला, मुकेश दीवान, अनिल कुमार, तेजप्रकाश आदि ने बताया कि मानसून ने दस्तक देने शुरू कर दी है। लेकिन अभी तक इसकी छटाई नहीं होने के कारण गंदा नाला गंदगी से अटा पड़ा है। इस कारण गंदे पानी की निकासी नहीं हो रही है। नाले की सफाई नहीं होने के कारण मक्खी-मच्छरों का प्रकोप बना हुआ है। गंदा नाले को मुख्य बाजार में बना दिया था। लेकिन नारनौल-रेवाड़ी पर दुकानों के साथ बना नाला जर्जर व गहरा होने के कारण दुकानों व घरों में इसके पानी की सीलन रहती है। मुख्य बाजार से होता हुआ नाला उनिंदा के सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट की तरफ जाता है। कस्बे के लोगों ने बताया कि अगर मानसून के सक्रिय होने से पहले नाले की छटाई व सफाई नहीं की तो अटेली कस्बे में बाढ़ की स्थिति होने से दुकानों व निचले घरों में पानी भर जाएगा।
नाले की छटाई के लिए टेंडर लगा दिया है, लोकसभा के चुनावों की आचार संहिता लगने के कारण टेंडर में देरी हुई है। एडमिन अप्रूवल होने के बाद नाले की सफाई करवा दी जाएगी।
अनिल कुमार, सचिव नगर पालिका अटेली मंडी।