महेंद्रगढ़। सामान्य बस स्टैंड से चोरी करने के आरोप में पकड़ी गई महिलाओं को दो दिन रिमांड के बाद वीरवार को कोर्ट में पेश किया जहां पर न्यायाधीश ने उनको न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
थाना प्रभारी अजयवीर ने बताया कि आरोपी महिलाओं से रिमांड अवधि के दौरान हजार-हजार रुपये बरामद किए गए हैं। वहीं एक बुजुर्ग व्यक्ति ने 50 हजार रुपये उसकी जेब से निकालने का आरोप लगाया था लेकिन उन पैसों के बारे में अभी कोई जानकारी नहीं लग पाई है।
बता दें कि 5 जुलाई को लोगों ने चोरी करते हुए चार महिलाओं के गिरोह को पकड़ा था। उक्त महिलाओं ने बस में चढ़ रही एक महिला का बैग से पर्स चोरी कर उसमें से पांच हजार रुपये निकाल लिए थे। इसी दौरान बस में नमकीन दाल बेचने वाले व्यक्ति ने उन्हें चोरी करते देख लिया था। उसने उक्त महिला को इसकी जानकारी दी। महिला ने पर्स उठाकर चेक किया तो उसमें रखे पांच हजार रुपये गायब मिले। बाद में चारों महिलाओं को मौके पर ही पकड़ लिया गया था। उनकी तलाश ली गई तो उनसे तीन हजार रुपये बरामद हुए थे। आरोपी महिलाओं ने दो हजार रुपये गायब कर दिए थे। शिकायत पर पुलिस ने आरोपी महिलाओं के खिलाफ मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया था। महिलाओं की पहचान राजकुमारी निवासी इस्लामनगर, उत्तर प्रदेश, कंचन निवासी लाला मोहम्मदपुर (मेरठ), सुमन और पूनम निवासी कोटपुतली के रूप में हुई थी। पुलिस ने आरोपी महिलाओं को 6 जुलाई को कोर्ट में पेश किया था। न्यायाधीश ने राजकुमार और सुमन का दो दिन के रिमांड तथा पूनम और कंचन को न्यायिक हिरासत में भेज दिया था। दो दिन के रिमांड के बाद पुलिस ने पूनम और कंचन को दोबारा कोर्ट में पेश किया जहां पर न्यायाधीश ने उनको न्यायिक हिरासत में भेज दिया।