महेंद्रगढ़। ऑटो मार्केट के पीछे खाली जमीन पर नगर पालिका ने नए भवन बनाने के लिए तैयारी शुरू कर दी है। इसके लिए नगर पालिका ने करीब पांच करोड़ रुपये का एस्टीमेट तैयार कर लिया है। जल्द ही टेंडर लगाकर कार्य शुरू किया जाएगा।
ऑटो मार्केट के पीछे करीब तीन एकड़ में खाली पड़ी नगरपालिका की जमीन पर पालिका ग्रांउड फ्लोर सहित तीन मंजिला भवन बनाया जाएगा। सरकार की ओर से इसकी पहले ही स्वीकृति भी मिल चुकी थी। करीब पांच करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला नया भवन आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा।
वर्तमान में नगर पालिका कार्यालय शंकर मार्केट में स्थित है। यह कार्यालय 1991 में बनाया गया था। जगह की कमी के अभाव में पालिका का नया भवन बनाने का निर्णय लिया है। पार्षदों की आमसभा की बैठक में इसका प्रस्ताव भी पास किया जा चुका है। पालिका की ओर से सरकार से पहले ही स्वीकृति मिल चुकी थी। अब नगर पालिका की ओर से नए भवन को लेकर एस्टीमेट तैयार कर लिया गया है।
यह सुविधाएं मिलेंगी
कार्यालय में तीन मंजिला भवन होगा। ग्राउंड फ्लोर पर एडमिन ब्रांच होगा, जहां चेयरमैन, सचिव आदि के अलग-अलग कक्ष होंगे। इसी फ्लोर पर एक कांफ्रेंस हाल भी होगा। जहां पर एमई, जेई, पटवारी, बीआई के कक्ष होंगे। इसके अलावा अकाउंट ब्रांच भी इसी फ्लोर पर होगी। दूसरे फ्लोर पर महिला और महिला पुरुषों का अलग-अलग रैनबसेरा बनाया जाएगा। सभी फ्लोर पर पानी और शौचालय की व्यवस्था रहेगी। इसके अलावा भवन में लिफ्ट भी लगाई जाएगी। इसके साथ शॉपिंग कॉम्प्लेक्स व सार्वजनिक पार्किंग की सुविधा भी होगी।
ऑटो मार्केट के पीछे करीब पांच करोड़ रुपये में नगर पालिका का नया भवन बनाया जाना है। इसके लिए नगर पालिका की ओर से एस्टीमेट तैयार कर लिया है। दो माह के दौरान टेंडर प्रक्रिया पूरी करके आगे की कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी।
- रमेश सैनी, चेयरमैन नगर पालिका महेंद्रगढ़।