महेंद्रगढ़। राजकीय महाविद्यालय में कार्यक्रम आयोजित कर विद्यार्थियों को युद्ध जैसी आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए विशेष मॉक ड्रिल एवं प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में एनसीसी कैडेट्स, एनएसएस स्वयंसेवक तथा महाविद्यालय के अन्य विद्यार्थियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम की अगुवाई एनसीसी प्रभारी कैप्टन प्रो. डॉ. शमशेर सिंह, एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. पविता यादव, डॉ. बलजीत सिंह द्वारा की गई। उन्होंने प्रतिभागियों को युद्ध जैसी आपात स्थिति में त्वरित निर्णय लेने, राहत एवं बचाव कार्यों में सहभागिता निभाने तथा नागरिकों की सहायता के लिए कौशलों का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया। संकट की घड़ी में संयम बनाए रखने, प्राथमिक चिकित्सा देने, सुरक्षित निकासी प्रक्रियाएं अपनाने एवं समन्वय बनाकर कार्य करने का अभ्यास कराया गया। महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. डॉ. पूर्ण प्रभा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आज के समय में युवाओं को न केवल शिक्षित बल्कि सजग और सामाजिक रूप से उत्तरदायी नागरिक बनना आवश्यक है।