पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में मंगलवार को विधायक ओमप्रकाश यादव ने नगर परिषद अधिकारियों और एसडीएम विवेक कालिया के साथ शहर में चले विकास कार्यों की समीक्षा की। जिसमें मुख्य रूप से शहर में नई बनने वाली सड़कों की गुणवत्ता व रखरखाव पर जोर दिया, ताकि सड़क अच्छी और मजबूत बन सके और शहरवासियों को सड़क का लंबे समय तक फायदा मिल सके।
शहर में कुछ सड़कों की हालत काफी जर्जर हो चुकी है, जिनमें मोहल्ला चंदुवाड़ा नजदीक रामलीला मैदान वाली सड़क, माली टीबा नजदीक पंप हाउस आदि अनेक सड़क है। विधायक ने नगर परिषद को उन सभी सड़कों को जल्द से जल्द बनवाने का आदेश दिया। इसके अलावा विधायक ने पुराने रेलवे स्टेशन से शहीद स्मारक पटिकरा तक जाने वाली सड़क को उखाड़ कर फिर से 18 फीट चौड़ी नई सड़क का निर्माण जल्द करवाने के निर्देश भी दिए। विधायक ने जनता से भी अपील की वो भी अपने मोहल्ले में बनने वाली सड़कों की क्वालिटी का ध्यान रखे और अच्छा मैटीरियल लगवाए।
वहीं विधायक ने शहर में कुछ जगह हाई मास्क लाइट लगाने की बात भी कही। इस पर नगर परिषद के एमई ने कहा कि वे लाइटों के लिए जल्द टेंडर लगाएंगे। इसके बाद जगह चिह्नि कर हाई मास्ट लाइटें लगा दी जाएगी। विधायक ने नगर परिषद को शहर की सड़कों पर उड़ती मिट्टी व साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने के आदेश दिए। इस पर एसडीएम ने नगर परिषद को 7 दिन अंदर शहर की सड़कों के दोनों ओर पड़ी मिट्टी को उठाने के आदेश दिए। इस कार्य की वे स्वयं मानीटरिंग करेंगे। इस मौके पर नगर परिषद कार्यकारी अधिकारी बीएन भारती, पूर्व पार्षद पवन, बाबूलाल पटिकरा, सुरेश चौधरी, प्रभाती बोहरा, मंगल रहीश, हंसराज चौहान, सुरेश कुमार उर्फ मिंटू मालीटीबा, टेकचंद दायमा, सचिन बंसल पूर्व पार्षद व शिवचरण यादव आदि सहित नगर परिषद के समस्त कर्मचारी उपस्थित थे।