निजामपुर। नांगल चौधरी विधायक मंजू चौधरी ने विधानसभा में क्षेत्र की समस्याएं उठाईं। उन्होंने छिलरो गांव से दनचौली रोड तक बाइपास रोड का निर्माण कराने, नियाजलिपुर (नयागांव) से बायल तक की रोड चौड़ी करने, नारनौल से खाटूश्याम वाया नांगल चौधरी के लिए बस चलाने की मांग की।
विधानसभा सत्र के दौरान विधायक मंजू चौधरी ने कहा कि निजामपुर में गांव छिलरो से दनचौली रोड तक बाइपास मंजूर किया गया है। 5 करोड़ 18 लाख रुपये इस बाइपास को बनाने के लिए मंजूर भी किया जा चुके हैं। इस गांव के अधिकांश लोग जमीन देने के लिए अपनी सहमति दे चुके हैं।
27 महीने बीतने के बाद आज भी बाइपास का निर्माण पेंडिंग है। जिस पर जल्द काम शुरू करवाया जाए। ग्रामीणों व यहां के दुकानदारों के साथ आमजन का कहना है कि ये बाइपास एक सपना बनकर रह गया है।
नांगल चौधरी विधायक ने निजामपुर से नांगल चौधरी के लिए रोडवेज की बसें चलवाने, गांव छापड़ा बीबीपुर व बनिहाड़ी गांव में बने सरकारी स्कूलों के जर्जर मानते हुए नए कमरे बनवाने की भी मांग की।
विधायक ने कहा कि नांगल चौधरी विधानसभा क्षेत्र के गांव गोद बलाहा, भाखरी, बुढवाल, अमरपुरा व थनवास गांवों में बारिश के समय जलभराव हो जाता है। जिससे यहां के लोगो को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। यहां तक जलभराव के कारण तरह तरह की बीमारियां फैलने की आशंका बनी रहती है।