सतनाली। ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से विधायक कंवर सिंह यादव ने रविवार को गांव माधोगढ़ स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में सफाई व्यवस्था, दवाइयों की उपलब्धता, मरीजों को मिल रही सुविधाओं और उनकी देखभाल से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान विधायक ने अस्पताल में मौजूद स्टाफ से स्वास्थ्य सेवाओं के बारे में बातचीत की। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों की अहम भूमिका है। आसपास के गांवों के लोग उपचार के लिए इन्हीं केंद्रों पर निर्भर रहते हैं। इसलिए प्रत्येक मरीज को समय पर इलाज, उचित देखभाल और सम्मानजनक व्यवहार मिलना चाहिए।
विधायक ने अस्पताल में स्वच्छता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि मरीजों को अस्पताल में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। प्रदेश सरकार आमजन को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं देने के लिए प्रतिबद्ध है। इसके लिए स्वास्थ्य केंद्रों की व्यवस्थाओं का समय-समय पर निरीक्षण किया जाता रहेगा।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में सरकार गांव-गांव तक स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाएं पहुंचाने के लिए काम कर रही है। इस मौके पर स्टाफ नर्स संदीपा, महेश शर्मा, अनिल कुमार, हंसराज लांबा, राजदीप यादव सहित गांव के अनेक लोग मौजूद रहे।