मौसम में आए अचानक बदलाव से एक बार फिर पारा तीन दिनों से तीन डिग्री के आसपास रहने से लोग ठिठुरने लगे हैं। दो दिनों से आसमान में बादल छाने व दिनभर कोहरा रहने के कारण वातावरण में एक बार फिर से ठंडक छा गई। शीतलहर के चलते जिले का अधिकतम तापमान 16.5 व न्यूनतम तापमान 2.8 डिग्री दर्ज किया गया। बुधवार को करीब 12 बजे बाद धूप निकलने से लोगों ने राहत की सांस ली।
इस बार दिसंबर माह में कड़ाके की ठंड पड़ने से तापमान 0.5 डिग्री तक पहुंच गया था। जनवरी माह शुरू होते ही कोहरा गायब होने व दिनभर धूप खिलने से लोगों ने नववर्ष के साथ सर्दी को भी अलविदा कर दिया था। लेकिन, एक सप्ताह बाद मौसम ने फिर करवट बदल ली। जिससे लोगों को फिर कंपकपाने लग गए। मौसम विभाग के अनुसार एक दो दिन में आसमान से बादल हटने के बाद तापमान सामान्य हो जाएगा। जिससे लोगों को सर्दी से राहत मिल जाएगी। बता दें कि मंगलवार को न्यूनतम तापमान 3.5 डिग्री सेल्सियस जबकि अधिकतम 17.5 डिग्री से. रहा था। सोमवार की अपेक्षा मंगलवार को न्यूनतम तापमान में पांच अंको की गिरावट दर्ज की गई थी। सोमवार को अधिकतम तापमान 19.1 व न्यूनतम तापमान 8.5 दर्ज किया गया था।