अनाज मंडी में ट्रैक्टर लेकर पहुंचे किसान। संवाद
- फोटो : कुंवर आरसी कन्या इंटर कॉलेज में छात्राओं द्वारा सजाई गई रंगोली।
रेवाड़ी। नई अनाज मंडी में मंगलवार को बाजरा की खरीद नहीं हो सकी और गेट पास भी कटने की प्रक्रिया नहीं हुई। इसके कारण किसान कुछ समय के लिए मंडी में परेशान नजर आए। अधिकारियों ने बताया कि आने वाले एक-दो दिन में खरीद प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी और सभी किसानों को उनके अनाज का सही मूल्य मिलेगा। मंडी में खरीद का शेड्यूल नहीं बनने के कारण किसान इंतजार करते रहे। कुछ ही संख्या में किसान पहुंचे थे।
खरीद शुरू होने पर सभी किसानों को सूचित किया जाएगा और उन्हें उनके अनाज के अनुसार गेट पास जारी किए जाएंगे। साथ ही, किसी भी प्रकार की असुविधा से बचाने के लिए मंडी प्रशासन ने आवश्यक इंतजाम कर लिए हैं। स्थानीय किसानों का कहना है कि खरीफ विपणन सीजन में ऐसी परेशानी ही मेहनत और समय को प्रभावित करती हैं। वे चाहते हैं कि प्रशासन खरीद का शेड्यूल पहले से स्पष्ट कर दे ताकि किसानों को अनावश्यक परेशानी न हो।
सरकार ने घोषणा की है कि बाजरा की खरीद भावांतर भरपाई योजना के तहत 2150 रुपये प्रति क्विंटल की दर से होगी। इसके अलावा किसानों को बाजार मूल्य और न्यूनतम समर्थन मूल्य के बीच का अंतर 625 रुपये प्रति क्विंटल अलग से दिया जाएगा। यह राशि सीधे किसानों के बैंक खातों में डाली जाएगी और भुगतान ई खरीद पोर्टल पर दर्ज जे-फॉर्म के आधार पर होगा।
यदि कोई किसान अपना बाजरा निजी व्यापारी को 2150 रुपये प्रति क्विंटल से अधिक दर पर बेचता है, तो उसे 625 रुपये प्रति क्विंटल की निश्चित राशि सरकार की ओर से अलग से दी जाएगी। यदि एजेंसी 2150 रुपये पर खरीद करेंगे, तो किसान को कुल 2775 रुपये मिलेंगे।
यदि निजी व्यापारी 2175 रुपये पर खरीद करेंगे, तो किसान को 2800 रुपये मिलेंगे। यदि व्यापारी 2225 रुपये पर खरीद करेंगे, तो किसान को 2850 रुपये प्रति क्विंटल का भाव मिलेगा।