फोटो 30जेएनडी22-काकड़ोद में संत शिरोमणि गुरु रविदास की पूजा अर्चना करते हुए विधायक देवेंद्र चतर
उचाना। संत शिरोमणि गुरु रविदास की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे समरसता संकल्प अभियान के तहत काकड़ोद में दीप महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ग्रामीणों और श्रद्धालुओं ने संत गुरु रविदास महाराज की पूजा अर्चना की। विधायक देवेंद्र चतरभुज अत्री ने कहा कि संत गुरु रविदास का जीवन समता, सद्भाव, सामाजिक समरसता और मानवता के मूल्यों का प्रतीक है। उन्होंने समाज को जाति-पाति और ऊंच-नीच से ऊपर उठकर प्रेम, समानता और भाईचारे का संदेश दिया, जो आज भी उतना ही प्रासंगिक है। संत रविदास के आदर्शों को अपनाकर ही समरस, सशक्त और विकसित भारत के निर्माण का संकल्प साकार किया जा सकता है। दीप प्रज्ज्वलन के माध्यम से सामाजिक एकता और सद्भाव का संदेश भी दिया गया। अंत में लोगों ने संत गुरु रविदास के बताए मार्ग पर चलने तथा समाज में समरसता, भाईचारे और मानवता की भावना को मजबूत करने का संकल्प लिया।