महेंद्रगढ़। ग्रामीण सफाई कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर आंदोलन तेज कर दिया है। कर्मचारी 19 मई को बीडीपीओ कार्यालय में एकत्रित होकर बैठक करेंगे और इसके बाद अपनी मांगों का ज्ञापन अधिकारियों को सौंपेंगे।
जिला प्रधान पवन कुमार ने बताया कि कर्मचारी 20 मई तक हड़ताल पर रहेंगे और सरकार से 26 हजार रुपये वेतन लागू करने व कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने जैसी मांगें पूरी करने की मांग कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि जिलेभर के सफाई कर्मचारी इस आंदोलन में शामिल हैं और सभी कर्मचारियों से ज्यादा से ज्यादा संख्या में बीडीपीओ कार्यालय पहुंचने की अपील की गई है। पवन कुमार ने कहा कि यदि मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। उन्होंने जानकारी दी कि 24 और 25 मई को कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी के कार्यालय का राज्यस्तरीय घेराव भी किया जाएगा।