फोटो संख्या:61- पाथेड़ा स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर में लिंगानुपात सुधार एवं बेटी बचाओ-बेटी पढ़
कनीना। गांव पाथेड़ा स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर में सोमवार को लिंगानुपात सुधार व बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान को लेकर जागरूकता बैठक की गई। इसमें स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों, आशा कार्यकर्ताओं व ग्रामीण महिलाओं ने भाग लेकर समाज में बेटियों के सम्मान और संरक्षण का संदेश दिया।
बैठक में महिलाओं को लिंगानुपात में सुधार लाने के लिए जागरूक किया गया। स्वास्थ्य कर्मियों ने कहा कि बेटियां परिवार और समाज की अमूल्य धरोहर हैं व उनके जन्म, शिक्षा और सुरक्षा को सुनिश्चित करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने भ्रूण लिंग जांच जैसी अवैध गतिविधियों से दूर रहने और इसकी सूचना प्रशासन को देने का आह्वान किया।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बताया कि समाज में बेटियों को समान अवसर प्रदान कर ही संतुलित और विकसित समाज का निर्माण किया जा सकता है। बैठक में उपस्थित महिलाओं ने कन्या भ्रूण हत्या जैसी कुप्रथा के खिलाफ जागरूकता फैलाने व गांव में लिंगानुपात सुधार के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
एमपीएचडब्ल्यू गीता, आशा कार्यकर्ताओं व ग्रामीण महिलाओं ने संयुक्त रूप से शपथ लेते हुए कहा कि वे बेटियों की शिक्षा, सुरक्षा और सम्मान के प्रति लोगों को जागरूक करेंगी व महिला सशक्तिकरण के संदेश को घर-घर तक पहुंचाएंगी। उन्होंने कहा कि बेटियां ही सुरक्षित, शिक्षित और विकसित समाज की आधारशिला हैं।