नारनौल। जिला वॉलीबॉल संघ की ओर से गांव मौखुता स्थित खेल नर्सरी में अंतर खेल नर्सरी वॉलीबॉल प्रतियोगिता के नॉकआउट चरण के मुकाबले आयोजित किए गए। प्रतियोगिता में अंडर-14 वर्ग का खिताब कारोली और अंडर-19 वर्ग का खिताब धानौता खेल नर्सरी की टीम ने अपने नाम किया।
प्रतियोगिता के मुख्य अतिथि खेल विभाग के उपनिदेशक सतवीर सिंह रहे। नॉकआउट चरण में अंडर-14 वर्ग में कारोली, धानौता और डेरोली जाट की टीमों ने भाग लिया। फाइनल मुकाबला कारोली और मौखुता के बीच खेला गया, जिसमें कारोली ने 2-0 से जीत दर्ज कर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।
अंडर-19 वर्ग में कारोली, धानौता, घाटाशेर, धौलेड़ा और मौखुता की टीमों ने हिस्सा लिया। फाइनल में धानौता और कारोली आमने-सामने रहे। धानौता ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 2-0 से मुकाबला जीतकर खिताब पर कब्जा जमाया।
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया। धर्मबीर और पारस को सर्वश्रेष्ठ अटैकर, साहिल और नवीन को सर्वश्रेष्ठ ब्लॉकर तथा नीरज को सर्वश्रेष्ठ सेटर चुना गया।
मुख्य अतिथि सतवीर सिंह ने कहा कि खेल युवाओं के सर्वांगीण विकास का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि महेंद्रगढ़ वॉलीबॉल एसोसिएशन की ओर से पूरे हरियाणा में इंटर नर्सरी वॉलीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन सराहनीय पहल है, जिससे खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतर अवसर मिल रहा है।
इस अवसर पर जिला वॉलीबॉल संघ के प्रधान धर्मपाल यादव, महासचिव हनुमान यादव, सहसचिव नरेश ढिल्लों सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता में हमारी टीम चैंपियन बनी जिससे सभी खिलाड़ियों में जोश बना है। गत एक माह से लगातार अभ्यास और मुकाबले चल रहे थे। उम्मीद है आगामी प्रतियोगिताओं में भी बेहतर प्रदर्शन करेंगे।
-धर्मबीर, खिलाड़ी, गांव धानौता
-
सभी खिलाड़ियों ने मुकाबले के दौरान योजना अनुसार प्रदर्शन किया और अंत में फाइनल जीतने में सफल रहे। प्रतियोगिता से प्राप्त अनुभव आगामी प्रतियोगिता में सहायक सिद्ध होंगे।
-नीरज, खिलाड़ी, गांव धानौता