गांव सीगड़ा में एक विवाहिता की जहरीला पदार्थ के प्रभाव से मौत हो गई। मृतका के पिता ने ससुरालजनों पर दहेज हत्या का केस दर्ज कराया है। पुलिस ने नागरिक अस्पताल महेंद्रगढ़ में शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंपकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस को दिए बयान में रेवाड़ी जिले के गांव जाटूसाना निवासी रमेशचंद ने बताया कि उन्होंने अपनी बेटी पूजा की शादी मई 2014 में गांव सीगड़ा निवासी हनुमान के साथ की थी। अपनी हैसियत के हिसाब से दान दहेज दिया था। शादी के बाद जब पूजा अपने मायके जाटुसाना आई तो उसने कहा कि उसके ससुराल वाले दहेज के लिए प्रताड़ित करते हैं।
पूजा की सास सुशीला, पति हनुमान बार-बार दहेज की मांग कर करते थे। हमने दो तीन बार सीगड़ा जाकर पूजा के पति हनुमान और सास सुशीला को समझाने का प्रयास किया। इसके बाद भी ससुरालजन उसे परेशान करते रहे। पूजा के दो बच्चे हैं। रमेशचंद ने बताया कि वीरवार को उन्हें सूचना मिली की पूजा ने अपनी सास व पति के बार-बार दहेज मांगने से परेशान होकर जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने मृतका के पिता रमेशचंद के बयान पर नागरिक अस्पताल महेंद्रगढ़ में शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों का सौंप दिया। पुलिस ने मृतका की सास सुशीला और पति हनुमान के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है।