फोटो नंबर-09करवा चौथ पर्व को लेकर बाजार में चूड़ियां खरीदती महिलाएं। संवाद
नारनौल। करवा चौथ के त्योहार को लेकर मंगलवार को शहर के बाजारों में रौनक बढ़ गई। 29 अक्तूबर को मनाए जाने वाले पर्व की तैयारियों के लिए महिलाएं कपड़े, चूड़ियां और शृंगार का सामान खरीदने पहुंच रही हैं। बाजारों में सबसे ज्यादा भीड़ चूड़ियों की दुकानों पर देखने को मिल रही है।
महावीर मार्ग से पुल बाजार तक दो दर्जन से अधिक अस्थायी चूड़ियों की दुकानें सजी हैं। यहां महिलाएं अपनी पसंद और डिजाइन के अनुसार रंग-बिरंगी चूड़ियां और चूड़े खरीद रही हैं। करवा चौथ पर चूड़ियों का विशेष महत्व होने के कारण इनकी मांग बढ़ गई है। दुकानदारों ने भी कई रंगों और आकर्षक डिजाइनों के चूड़े उपलब्ध करवाए हैं।
चूड़ी विक्रेता पंकज, मनोज और मोहन ने बताया कि त्योहार के चलते बिक्री अच्छी हो रही है। दुकानों पर 100 से 500 रुपये तक के चूड़े और चूड़ियां उपलब्ध हैं। इस बार महिलाएं खास तौर पर ‘सौभाग्यवती भव’ और ‘कोढ़ी’ डिजाइन के चूड़े पसंद कर रही हैं। बाजारों में खरीदारी को लेकर महिलाओं में खासा उत्साह है।