नारनौल। विश्व मधुमेह दिवस के अवसर पर संवेदना अस्पताल के जनरल फिजिशियन डॉ. सुरेंद्र मित्तल ने अस्पताल में आने वाले मरीजों को मधुमेह संबंधित जानकारी दी। उन्होंने बताया कि डायबिटीज एक गंभीर बीमारी है जो दुनियाभर में लाखों लोगों को प्रभावित करती है। अनियंत्रित शुगर से थायराइड का बढ़ना या कम होना, हड्डियों का कमजोर होना और टेस्टोस्टेरोन कम हो जाता है। इसका मुख्य कारण आज कल आहार में कार्बोहाइड्रेट ज्यादा और प्रोटीन की मात्रा कम होना होता है। डॉ. मित्तल ने बताया कि भारत में प्राचीन काल से लेकर कुछ दशक पहले तक डायबिटीज के मरीज बहुतायत में नहीं हुआ करते थे। इसका एक सबसे बड़ा कारण था कि तब लोग रागी, ज्वार, कोदो, कुटकी, बाजरा जैसे मोटे अनाज का सेवन करते थे, लेकिन आज का भारतीय इन दोनों चीजों से दूर है। शारीरिक मेहनत बहुत कम हो गई है। इसलिए यदि डायबिटीज से बचना है तो ये दोनों काम अपनी दिनचर्या में शामिल करने होंगे। मोटे अनाज में प्रोटीन की मात्रा ज्यादा होती है और कार्बोहाइड्रेट अच्छी क्वालिटी का होता है। इसीलिए हम शुगर के मरीजों को मोटे अनाज का सेवन करना चाहिए।