नारनौल। हिमालय की बर्फिली हवाएं लोगों को कड़ाके की ठंड का अहसास कराने लगी है। शुक्रवार को जिला में महेंद्रगढ़ की रात शिमला से भी ठंडी रही। शुक्रवार को महेंद्रगढ़ का रात्रि का तापमान 3.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं नारनौल का न्यूनतम तापमान भी 4.8 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। दोनों ही स्थानों का इस सीजन का सबसे कम तापमान दर्ज किया गया। इस प्रकार धीरे-धीरे हाड़ कंपकंपाने वाली ठंड का असर बढ़ने लगा है। हालांकि दिन के समय चमकदार धूप खिली रहने से लोगों को ठंड से कुछ राहत मिल रही है, लेकिन सुबह व सायं के समय कड़ाके की ठंड ने लोगों को घरों में दुबके रहने पर मजबूर कर दिया है।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि हिमालय की हिमाच्छादित शिखरों से आ रही बर्फिली हवा तीखे तेवरों से आगाज किए हुए हैं। इससे इलाके में मौसम साफ और शुष्क बना हुआ है। शुक्रवार को जिला महेंद्रगढ़ के रात्रि तापमान हिमाचल प्रदेश के शिमला, धर्मशाला, डलहौजी से भी कम दर्ज किया गया है।
मौसम विशेषज्ञ ने बताया कि कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से लगातार उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों पर बर्फबारी हो रही है। जैसे मौसम प्रणाली आगे निकल जाती है वैसे ही उत्तरी बर्फिली हवा मैदानी राज्यों में अपने तीखे तेवर दिखाने लगती है। इसके चलते रात्रि के तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। शुक्रवार को जिला में नारनौल का रात्रि तापमान 4.8 डिग्री सेल्सियस व महेंद्रगढ़ का रात्रि तापमान 3.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जोकि इस सीजन का सबसे कम तापमान दर्ज किया गया है।
आज से एक बार फिर से बदलेगा मौसम
मौसम विशेषज्ञ ने बताया कि दिन में सूर्य की चमकदार धूप खिली रहने से दिन के तापमान सामान्य के आसपास बने हुए हैं। मगर पिछले दो-तीन दिनों से ठंडी हवाएं चलने और आंशिक बादलवाही से दिन के तापमान में हल्की गिरावट दर्ज हुई है। शनिवार को एक बार फिर से तापमान में हल्का उछाल देखने को मिलेगा, क्योंकि आज रात्रि को एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से शनिवार को हरियाणा एनसीआर दिल्ली में सीमित स्थानों पर छिटपुट बूंदाबांदी की गतिविधियां होने की संभावना है। इससे वातावरण में नमी की मात्रा बढ़ने से आने वाले दिनों में सुबह के दौरान कोहरा छाने की भी संभावना बन रही है।
मौसम विभाग के जारी तापमान के आंकड़े
बालसमंद 3.0
महेंद्रगढ़ 3.4
फतेहाबाद 3.5
हिसार 3.8
रेवाड़ी 4.1
यमुनानगर 4.7
नारनौल 4.8
पंचकूला 4.8
पानीपत 4.8
करनाल 4.7