महेंद्रगढ़। 17 सितंबर को मुख्यमंत्री के प्रस्तावित महेंद्रगढ़ दौरे को लेकर नगर पालिका ने शहर को सजाने और व्यवस्थाएं सुधारने का काम तेज कर दिया है। मुख्यमंत्री के आगमन से पहले शहर को साफ-सुथरा और आकर्षक बनाने के लिए कर्मचारी दिन-रात तैयारियों में जुटे हैं।
नगर पालिका ने राव तुलाराम चौक से बालाजी चौक तक डिवाइडर पर लगी स्ट्रीट लाइटों की जांच कराई। खराब लाइटों की मरम्मत की गई जबकि जो लाइटें ठीक नहीं हो सकती थीं, उन्हें हटाकर व्यवस्था बेहतर की गई। मुख्य मार्गों पर शाम के समय पर्याप्त रोशनी रहे, इसका भी विशेष ध्यान रखा जा रहा है।
शहर के प्रमुख मार्गों पर तिरंगा लाइटें भी लगाई गई हैं। इनसे बाजार और सड़कें रोशनी से जगमगाने लगी हैं और शहर में उत्सव जैसा माहौल दिखाई देने लगा है। तिरंगा रोशनी के जरिए मुख्यमंत्री के स्वागत की तैयारियों को भी अंतिम रूप दिया जा रहा है।
सफाई व्यवस्था पर भी नगर पालिका का विशेष ध्यान है। मुख्य सड़कों, चौक-चौराहों और सार्वजनिक स्थानों पर सफाई अभियान चलाकर कूड़ा हटाया जा रहा है। इसके अलावा मुख्य सड़कों पर बने गड्ढों की मरम्मत के लिए पेचवर्क कराया जाएगा।
नगर पालिका अधिकारियों ने कर्मचारियों को नियमित सफाई और शहर की व्यवस्थाओं में किसी तरह की कमी नहीं रहने देने के निर्देश दिए हैं।
वर्जन:
मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए शहर की व्यवस्थाओं को बेहतर किया जा रहा है। मुख्य सड़कों की बंद लाइटें चालू कराई जा रही हैं और तिरंगा लाइटें लगाई जा रही हैं। साथ ही सार्वजनिक स्थानों, बाजारों और प्रमुख मार्गों पर सफाई अभियान चलाया जा रहा है, ताकि शहर साफ-सुथरा और व्यवस्थित नजर आए।
-रमेश सैनी, प्रधान, नगर पालिका, महेंद्रगढ़