नारनौल। वीरवार को मौसम साफ होने से सूर्यनारायण के दर्शन होने से लोगों ने राहत की सांस ली थी। लेकिन शुक्रवार को कोहरे के कारण लोगों को परेशानी उठानी पड़ी। सुबह 11 बजे तक कोहरा छाया रहा। वहीं सर्द हवाएं चलने से ठिठुरन बढ़ गई है। बता दें कि करीब बारिश व बादलों के कारण चार दिनों से सूर्यनारायण के दर्शन नहीं हो रहे थे। वीरवार सुबह भी आसमान में घने बादल छाये हुए थे, लेकिन धीरे-धीरे कम होने से लोगों को सूर्यनारायण के दर्शन हुए थे। मौसम विभाग के अनुसार मौसम साफ होने के बाद ठंड़ में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होगी तथा धूंध का प्रकोप भी बढ़ेगा। मौसम परिर्वतन होने से नागरिक अस्पताल में छोटे बच्चों की ओपीडी की संख्या में बढ़ोतरी हो रही है। डॉक्टरों के अनुसार मौसम बदलने से छोटे बच्चों में खांसी जुकाम का प्रकोप ज्यादा बढ़ जाता है। ओपीडी की संख्या में 15 से 20 प्रतिशत की बढ़ोतरी हो गई है। इस मौसम में बच्चों पर अधिक ध्यान देने की जरूरत है।