चाकू से गोदकर युवक की हत्या
अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
शहर के मॉडल टाउन एक्सटेंशन एरिया में शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे एक युवक की हत्या कर दी गई। सूचना मिलते ही एसपी, एएसपी, डीएसपी सहित अर्बन एस्टेट थाना पुलिस मौके पर पहुंची। मामले में मौके पर मौजूद पुलिस ने बताया कि मॉडल टाउन एक्सटेंशन निवासी करीब 35 वर्षीय विपुल शुक्रवार को अपने घर में अकेला था। उस दौरान विपुल की किसी ने चाकू से गोदकर हत्या कर दी। पुलिस ने बताया कि विपुल के माथे पर व पेट में चाकू से वार किया गया है। पुलिस ने बताया कि विपुल को खून से लथपथ अवस्था में सबसे पहले उसके किसी रिश्तेदार ने देखा था। ये युवक विपुल को पहले निजी अस्पताल ले गया था। वहां से उसे नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है। परिजनों को सूचित कर दिया गया है। उनके आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।