जिले में प्रस्तावित मल्टी माडल लॉजिस्टिक हब के लिए नांगल चौधरी और अटेली के विधायकों की खींचतान बृहस्पतिवार को सीएम के सामने सार्वजनिक मंच पर भी दिखी। अटेली विधायक संतोष यादव ने जब मंच से अपनी मांगों में मल्टी माडल लॉजिस्टिक हब अटेली के लिए मांगा तो मौजूद जनता ने हूटिंग कर दी। रैली में जनता ने पांच बार हूटिंग की। इसके बाद नांगल चौधरी के विधायक अभय सिंह ने लोगों को शांत कराया।
बावल में भूमि अधिग्रहण रद्द होने के बाद जिला महेंद्रगढ़ में लॉजिस्टिक हब के लिए संभावनाएं तलाशी जा रही हैं। एचएसआईडीसी की टीम कई बार अटेली और नांगल चौधरी क्षेत्र का दौरा कर चुकी है। दोनों क्षेत्र विधायक अपने-अपने तर्क से टीम को साइट दिखा चुके हैं। अभी तक यह फाइनल नहीं हो पाया है कि हब कहां बनेगा। बृहस्पतिवार को सीएम की रैली में सबसे पहले विधायक डा. अभय सिंह ने क्षेत्र में हब बनाने की मांग रखी।
उन्होंने कहा कि उन्होंने पहले मांग रखी है तो पहले आओ पहले पाओ के नियम के अनुसार उन्हीं का इस पर हक है। इसके बाद अटेली विधायक संतोष यादव ने अपने संबोधन में अटेली में मल्टी माडल लॉजिस्टिक हब बनाने की बात सीएम के सामने रख दी। उसी समय वहां मौजूद भीड़ ने नारेबाजी और हूटिंग शुरू कर दी। जब भी संतोष यादव ने हब का जिक्र किया, तब-तब लोग हूटिंग करते। पांच बार हूटिंग होने के बाद नांगल चौधरी के विधायक डा. अभय सिंह ने लोगों को चुप कराया।
...तो संतोष हो गई खड़ी
सीएम अपने भाषण में जब विधायक की मांगों का जिक्र करते हुए लॉजिस्टिक हब के बारे में बोलने लगे तो विधायक संतोष यादव अपने स्थान से खड़ी हो गईं और सीएम की ओर चली गईं। उन्होंने नारनौल के विधायक ओमप्रकाश यादव को भी अपने साथ ले लिया। उन्होंने कहा कि सबसे पहले लॉजिस्टिक हब बनाने की मांग उन्होंने रखी थी, इसलिए उनका हक भी बनता है। इस पर सीएम ने कहा कि जो सबसे पहले ग्रामीणों से भूमि का प्रस्ताव ला देगा, वहां लॉजिस्टिक हब की प्रक्रिया शुरू करवा देंगे।