आंधी और बारिश के कारण शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में कई घंटे बिजली गुल रही है। कई जगहों पर पेड़ गिरने तो कुछ जगहों पर केबल/कंडक्टर खराब होने से बिजली सप्लाई प्रभावित हुई। जिले में 32 फीडरों पर एक घंटे से लेकर नौ घंटे तक ब्रेक डाउन रहा। नारनौल शहर में करीब दो दर्जन पोल टूट गए।
बता दें कि दो दिनों से शहर में गर्मी ने असर दिखाना शुरू कर दिया था और तापमान 40 डिग्री के पार पहुंच गया था। रविवार की सुबह आसमान में बादल छाये हुए थे। दोपहर बाद मौसम ने अचानक करवट लेते हुए आंधी के साथ बादल छा गये। आंधी के कारण जिले में कई जगहों पर पेड़ और टहनियां बिजली के तारों पर गिर गई। इससे बिजली गुल हो गई। कुछ फीडरों पर आधा घंटे बाद ही बिजली सेवा बहाल हो गई। लेकिन पोल और तार टूटने के कारण करीब दो दर्जन फीडरों पर बिजली सप्लाई करने में देरी हुई। बिजली निगम को पहले पेड़ हटाने पड़े, पोल और तारों को ठीक किया। इसके बाद ही बिजली सेवा बहाल हो सकी।
इन फीडरों पर गुल रही बिजली
जानकारी के अनुसार सेका एपी एरिया में पेड़ गिरने से करीब पांच घंटे बिजली गुल रही। कोजिंदा व मंढाना डीएस फीडर पर कंडक्टर खराब होने से एक से लेकर तीन घंटे तक एरिया में बिजली गुल रही। इसके अलावा उनिंदा और सुराणा फीडरों पर कुछेक घंटे के लिए बिजली बाधित रही। सिटी अर्बन एरिया में पेड़ गिरने से करीब नौ घंटे बिजली सेवा प्रभावित रही। 33 केवी इंडस्ट्रीयल एरिया और 33 केवी कोजिंदा में करीब आठ घंटे तक बिजली गुल रही। कई जगहों पर पेड़ों की टहनियां तारों से टकराने के कारण फॉल्ट आ गया। एसडीओ विशाल राजपूत ने बताया कि आंधी के कारण शहर में ही करीब दो दर्जन बिजली के पोल टूट गए थे। उन्होंने बताया कि शहर में देर रात करीब एक बजे बिजली सेवा बहाल कर दी गई थी। उन्होंने बताया कि सदर गांव के एरिया में तार टूटने के कारण 33केवी लाल पहाड़ी फीडर सोमवार दिन में बंद है। इससे शहर के किलारोड, नांगल चौधरी रोड व माली टीब्बा फीडर पर बिजली प्रभावित रही है। उन्होंने कहा कि शाम पांच बजे बिजली बहाल कर दी गई।
महेंद्रगढ़ एरिया में 16 फीडरों की बिजली रही प्रभावित-
नांगल माला एपी फीडर में इंसुलेटर पंचर होने से करीब तीन घंटे बिजली बाधित रही। इसके अलावा जाटवास एपी, धनौंदा एपी, कौथल एपी, राजा एपी, मरला एपी, बारडा एपी, सिटी सेंकेड और एमडी फीडर समेत अन्य फीडरों पर बिजली सेवा प्रभावित रही। इस सेंटरों से जुड़े गांवों व शहरों में बिजली सेवा बहाल करने में करीब दो से नौ घंटे बिजली निगम को लगे। बिजली निगम के अधिकारियों व कर्मचारियों ने रात और दिन में सेवा बहाल करने में लगे रहे। कुछ जगहों पर सोमवार शाम तक बिजली सप्लाई बहाल हो सकी।
बिजली की मांग बढ़ी
लॉकडाउन के दौरान दुकानें, आफिस व अन्य संस्थान बंद चल रहे हैं। लेकिन, शहर का पारा 40 डिग्री के पास पहुंच गया था। ऐसे में घरों में बिजली की मांग अधिक हो गई है। बिजली निगम के अनुसार एक मई को जिले में करीब 38.67 लाख यूनिट बिजली की खपत हुई। दो मई को 42.55 व तीन मई 37.34 लाख यूनिट बिजली की खपत हुई।