फोटो नंबर- 23नारनौल में शाम के समय बारिश के दौरान सड़क से गुजरते वाहन। संवाद
नारनौल। सोमवार शाम अचानक से मौसम बदल गया और तेज हवा के साथ हल्की बारिश की गतिविधि भी दर्ज की गई। इससे तापमान में गिरावट के साथ गर्मी से भी आमजन को राहत मिली है। नारनौल और महेंद्रगढ़ का दिन और रात का तापमान क्रमशः 43.2 व 29.0 और 42.8 व 23.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विशेषज्ञ डॉ चंद्रमोहन ने बताया कि हालांकि एक नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। संपूर्ण इलाके पर दोपहर बाद से बादलों की आवाजाही देखने को मिल रही है। शाम होते होते महेंद्रगढ़ में तेज गति की हवाओं 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने लगी।
वहीं, आंधी अंधड़ के साथ हल्की बारिश बूंदाबांदी की गतिविधियों को दर्ज किया गया है। इस पश्चिम मौसम प्रणाली का असर हरियाणा एनसीआर दिल्ली पर 28, 29, 30 अप्रैल को देखने को मिलेगा। इस दौरान हल्की बारिश बूंदाबांदी और एक दो स्थानों पर गरज चमक के साथ ओलावृष्टि की गतिविधियों की संभावना बन रही है।
इसके पीछे एक नया पश्चिमी विक्षोभ 30 अप्रैल को सक्रिय होने से आगामी दिनों में आंधी बारिश के प्रभाव से अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री गिरावट होने की प्रबल संभावना है।