बाजरा खरीद के संबंध में अधिकारियों की बैठक लेते उपायुक्त डॉ जयकृष्ण आभीर।
- फोटो : Narnol
नारनौल। मौसम खराब होने से बाजरे की खरीद में व्यवधान आया है। अधिकारी अगले दो दिन में सभी मंडियों में खरीदे गए बाजरे का उठान कराएं। यह सुनिश्चित करें कि गेट पास कटने के बाद किसान की फसल उसी दिन खरीद की जाए। यह निर्देश उपायुक्त डॉ. जय कृष्ण आभीर ने आज कैंप कार्यालय में बाजरे की सरकारी खरीद के संबंध में अधिकारियों के साथ बैठक में दिए।
उन्होंने कहा कि रविवार को छुट्टी है। ट्रांसपोर्टर और ठेकेदार इस दिन अधिकतम बाजरे का उठान कराएं। अगर शेष कार्य बचता है तो वह सोमवार को पूरा कर लिया जाए। इस बात का ध्यान रखें कि मंडी में किसानों को किसी प्रकार की परेशानी ना हो। खराब मौसम को देखते हुए सोमवार को भी खरीद कार्य रोकना पड़ सकता है। ऐसे में किसान किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान ना दें। जिन किसानों ने पंजीकरण करवाया है उनकी फसल खरीदी जाएगी। सभी मंडियों में शेड्यूल के अनुसार ही खरीद होगी। हर मंडी में हेल्प डेस्क बनाया गया है। वहां किसान जानकारी ले सकते हैं। महेंद्रगढ़ में 2.27 करोड़ रुपये की पेमेंट हो चुकी है। गोदाम में बाजरा पहुंचते ही मुख्यालय में सूची भेजी जाती है और उसके तुरंत बाद अगले दिन ही किसानों की पेमेंट की जा रही है। अधिकारियों को निर्देश दिए कि मंडियों में बिजली, पानी आदि की व्यवस्था की जाए। उन्होंने बिजली निगम के अधिकारियों को खरीद कार्य के दौरान मंडियों को 24 घंटे बिजली देने के निर्देश दिएं। बैठक में एसडीएम मनोज कुमार, हैफेड के डीएम नीरज त्यागी, नारनौल अनाज मंडी की सचिव नुकुल यादव तथा अटेली अनाज मंडी के सचिव यदुराज यादव रहे।