नारनौल। हरियाणा उच्च शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार गत 3 जून से कालेज में दाखिले के लिए आवेदन किए जा रहे थे। 30 जून आवेदन करने की अंतिम तिथि थी। आवेदन करने की अंतिम तिथि की समाप्ति के बाद अब 5 जुलाई को पहली मेरिट लिस्ट घोषित की जाएगी।
राजकीय महाविद्यालय और राजकीय महिला महाविद्यालय में दाखिले के लिए अब तक करीब 5034 आवेदन किए जा चुके हैं। राजकीय महाविद्यालय में उपलब्ध 6 कोर्स की 1540 सीट के लिए 3373 आवेदन आए हैं। वहीं राजकीय महिला महाविद्यालय में उपलब्ध 4 कोर्स की 1100 सीट पर दाखिले के लिए 30 जून तक करीब 1661 आवेदन किए गए। डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन में पाई गई खामियों को दुरुस्त कर दोबारा आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 1 जुलाई है। डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन में पाई गई खामियों को दुरुस्त नहीं किया जाता तो आवेदन रिजेक्ट हो जाएगा।
महिला कालेज में बीए, बीकॉम, बीएससी लाइफ साइंस व बीएससी फिजिकल साइंस के कोर्स विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध हैं। इन सभी कोर्स में दाखिलों के लिए प्रथम मेरिट लिस्ट 5 जुलाई को लगेगी। इसमें चयनित छात्र 5 से 9 जुलाई तक फीस जमा करवा सकते हैं। दूसरी मेरिट सूची 11 जुलाई को लगेगी, जिसमें चयनित छात्र 11 से 13 जुलाई तक फीस जमा करवा सकते हैं। इसके बाद तीसरे राउंड की काउंसलिंग फिजिकल माध्यम से 16 जुलाई से कालेज स्तर पर की जाएगी और 17 जुलाई से रजिस्ट्रेशन के लिए ऑनलाइन एडमिशन पोर्टल को दोबारा खोला जाएगा।
महिला महाविद्यालय नारनौल में अब तक आवेदन
बीए 800 1001
बीएससी लाइफ साइंस 120 252
बीएससी फिजीकल साइंस 120 288
बीकॉम 160 120
राजकीय महाविद्यालय नारनौल में अब तक आवेदन
कोर्स सीट आवेदन
बीए 660 1644
बीएससी लाइफ साइंस 160 308
बीएससी फिजीकल साइंस 400 774
बीकॉम 240 207
बीबीए 40 107
बीसीए 40 333
जिन छात्र-छात्राओ के आवेदन फॉर्म में ऑब्जेक्शन है वह 1 जुलाई तक ऑब्जेक्शन को दुरुस्त करके दोबारा अपने फॉर्म को आनलाइन सबमिट करें। यदि कोई आवेदक अपने ऑब्जेक्शन को दुरुस्त नहीं करता है तो उसका फार्म रिजेक्ट हो जाएगा। इस संबंध में 1 जुलाई के बाद किसी भी प्रकार का कोई अवसर नहीं दिया जाएगा।
प्रोफेसर सुनील कुमार, प्रवेश नोडल अधिकारी, राजकीय महिला महाविद्यालय नारनौल