हिंदी के प्रख्यात कवि कुमार विश्वास की कविताओं पर युवाओं ने तालियों की गड़गड़ाहट से अरावली की वादियां गूंज उठी। करीब दो घंटे के कार्यक्रम में कुमार विश्वास ने कई कविताएं सुनाईं। इस मौके पर आरपीएस ओलंपियाड के प्रमुख विजेता अंकित कौशिक को सेंट्रो कार देकर सम्मानित किया गया। एक शाम युवाओं के नाम कार्यक्रम में करीब 280 विजेताओं को सम्मानित किया गया।
आरपीएस एवं अमर उजाला ने आरपीएस कॉलेज बलाना के परिसर में एक शाम युवाओं के नाम कार्यक्रम का आयोजन किया गया। शाम तीन बजे से शुरू हुए इस कार्यक्रम में तालियों का दौर अंत तक नहीं थमा। कुमार विश्वास ने हरियाणवी अंदाज में लोगों का अभिवादन करते हुए पूछा के हाल चाल से भाई। मखा राम राम तो कर ल्यो। सुहानी शाम में ढलते सूरज के साथ कुमार विश्वास का जोश भी अपने चरम की ओर बढ़ता गया। कविता की शुरूआत करते हुए कहा कि -मैं अपने गीत गजलों से उसे पैगाम करता हूं, उसी की दी हुई दौलत उसी के नाम करता हूं, हवा का काम है चलना और दिये का काम है जलना, वो अपना काम करती है, मैं अपना काम करता हूं।
मोदी से लेकर केजरीवाल पर किए व्यंग
कार्यक्रम में कुमार विश्वास ने दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल से लेकर पीएम नरेंद्र मोदी तक सभी पर व्यंग्य किए। राजनेताओं पर अपने व्यंग्य के जरिए निशाना साधते हुुए खूब हंसाया। करीब दस हजार लोग समारोह के गवाह बने। आरपीएस ग्रुप के फाउंडर डायरेक्टर डॉ. ओपी यादव ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। चेयरपर्सन डॉ. पवित्रा राव सीईओ मनीष राव, कॉलेज रजिस्ट्रार डॉ. देवेंद्र यादव, डॉ. महेश यादव, डॉ. धर्मेश कौशिक, प्रिंसिपल बाबूलाल यादव, प्रिंसिपल डॉ. सरिता वी सिंह, प्रिंसिपल डॉ. देवेंद्र कादयान, डॉयरेक्टर संदीप देशवाल सहित अन्य गणमान्यों की मौजूदगी में विजेताओं को पुरस्कार दिए गए। हरिप्रकाश जोशी भगड़ानियां द्वारा रचित व्याकरण मानक का विमोचन किया गया।
अंकित को मिली कार, चार को मिली स्कूटी
एक शाम युवाओं के नाम कार्यक्रम में आरपीएस के ओलंपियाड के प्रमुख विजेता अंकित कौशिक को सेंट्रो कार देकर सम्मानित किया गया। नौंवी कक्षा के छात्र विवेक पुत्र हरपाल को स्कूटी दी गई। कक्षा आठवीं से गर्वित सिंहल पुत्र प्रवीण कुमार निवासी रोहतक को स्कूटी देकर सम्मानित किया। महेंद्रगढ़ के निवासी कक्षा सातवीं अनिष पुत्र ईश्वर सिंह निवासी को भी स्कूटी दी गई। कक्षा छठी से भव्या पुत्री अनिल कुमार निवासी अटेली को स्कूटी मिली। आरपीएस के ओलंपियाड़ में देश भर से करीब 25हजार विद्यार्थियों ने परीक्षा दी थी। करीब 280 विजेताओं को कार, स्कूटी, लैपटॉप, टैबलेट, साईकिल, एजूकेशन किट सहित अन्य पुरस्कार दिए गए।