मोहल्ला कैलाश नगर रेवाड़ी रोड पर रहने वाले एक जरूरतमंद व्यक्ति की बेटी की शादी में नारनौल के किन्नर समाज ने लाखों रुपये का सामान देकर मिसाल पेश की है। रेवाड़ी रोड पर रहने वाले मोहनलाल की पुत्री की शादी 8 दिसंबर को होनी है। मंगलामुखी किन्नर समाज के प्रधान समाजसेवी विनोद कुमार ने बताया कि मोहनलाल की बेटी की शादी के बारे में उन्हें सूचना मिली थी। जिस पर मंगलामुखी किन्नर समाज की तरफ से मोहनलाल की बेटी की शादी में मदद करने का निर्णय लिया गया। मंगलवार को रेवाड़ी रोड मोहनलाल के घर पर पहुंचकर किन्नर समाज की मनीषा, जोया, ओमा, नैना, लड्डू, रविका, पीयू, गौरी, जैसमीन आदि किन्नरों ने लड़की की मां को सोने चांदी के गहने, इक्कीस हजार की नकदी कन्यादान के रूप में भेंट किया। किन्नर मनीषा ने बताया कि फर्नीचर का समस्त सामान सहित कूलर, एलईडी, वाशिंग मशीन, सिलाई मशीन, सभी प्रकार के बर्तनों का सैट, 30 पेंट शर्ट और तीस साड़ियां भी दी गई है। इस मौके पर किन्नर समाज के प्रधान विनोद कुमार ने बताया कि सभी किन्नर सदस्यों द्वारा समय-समय पर पहले भी सामाजिक कार्यों में बढ़ चढ़कर भाग लिया जाता रहा है। उन्होंने बताया कि सभी किन्नर सदस्यों ने अब यह निर्णय लिया है कि उनकी जानकारी में ऐसे गरीब और असहाय लोग आएंगे तो उनकी बेटियों की शादी या अन्य मांगलिक कामों में भी मदद करने के वे तत्पर रहेंगे।