महेंद्रगढ़। मोहल्ला महायचान के 14 माह का भविष्य भविष्य खतरे में हैं। यह बच्चा कैंसर से पीड़ित होने के कारण जिंदगी और मौत की लड़ाई लड़ रहा है।
बच्चे के पिता प्रविंद्र ने पिछले दो माह में बच्चे के इलाज पर कर्जा लेकर ढाई लाख रुपये लगा दिए हैं। वह इससे ज्यादा कर्जा लेने की स्थिति में नहीं है। इसलिए उसने अपने बच्चे का अच्छे अस्पताल में निशुल्क इलाज करवाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखा है। यह पत्र उसने बुधवार को प्रधानमंत्री कार्यालय में फैक्स करवा दिया है। पत्र में उसने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मदद की गुहार लगाई है।
आपको बता दें कि महेंद्रगढ़ के मोहल्ला महायचान निवासी प्रविंद्र के पुत्र भविष्य को दो माह पूर्व कनपटी पर एक छोटी सी फुंसी हुई थी। उसके बाद 15 दिन तक परिजन उसका इलाज महेंद्रगढ़ सरकारी अस्पताल में करवाया। इलाज से बच्चे की फुंसी पर कोई असर नहीं पड़ा बल्कि वह बढ़ती चली गई। इसके बाद झज्जर मेडिकल, रोहतक पीजीआई, रेवाड़ी आदि अस्पताल में चेक करवाया किंतु वहां भी बच्चे की बीमारी कम नहीं हो पाई। इसके बाद वह जयपुर के महावीर सिंह अस्पताल एवं जेके लान कैंसर अस्पताल में चेक करवाया। अस्पताल में बच्चे की टेस्टिंग रिपोर्ट में चिकित्सकों ने कैंसर घोषित कर दिया। बच्चे की एक साइड की आंख भी खत्म हो गई है।
प्रविंद्र ने प्रधानमंत्री को लिखे पत्र में बताया कि वह मजदूरी कर मुश्किल से अपने परिवार का खर्च चला पा रहा है। चिकित्सकों ने उसके बेटे को कैंसर होने की संभावना जताई है। मैं जानकारों से 2.5 लाख रुपये उधार लेकर इलाज पर खर्च कर चुका हूं। आपसे निवेदन है कि मेरे बेटे का इलाज किसी बड़े एवं अच्छे अस्पताल में निशुल्क करवाया जाए ताकि उसकी जिंदगी बच सके।