फोटो संख्या:-68 कनीना में होर्डिंग लगाते हुए नगर पालिका कर्मचारी---स्रोत ग्रामीण
कनीना। कनीना नगर पालिका द्वारा शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। होली वाले जोहड़, मोलडनाथ मंदिर व ढोकलमल पार्क के मुख्य द्वार के पास कूड़े के डंपिंग प्वाइंट को कम करनेके लिए नगर पालिका की ओर से स्वच्छता जागरूकता बैनर लगाए गए।
नगर पालिका प्रधान डॉ. रिंपी कुमारी ने बताया कि मंगलवार को नगर पालिका द्वारा शहर में चार स्थानों पर अस्थाई कूड़ा डंपिंग प्वाइंट बनाए गए हैं, ताकि शहर में कहीं भी खुले में कचरा न फैले। उन्होंने कहा कि हमारा उद्देश्य कनीना को साफ-सुथरा और स्वच्छ बनाना है, इसमें आमजन का सहयोग सबसे आवश्यक है। उन्होंने नगरवासियों से अपील की कि वे कूड़ा केवल निर्धारित कूड़ा गाड़ी या कूड़ेदान में ही डालें।
नगर पालिका द्वारा जगह-जगह कचरा डंपिंग जोन और हार्डिंग लगाए जा रहे हैं, ताकि लोगों को सही जानकारी मिल सके। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि जो भी व्यक्ति शहर में गंदगी फैलाते या खुले में कचरा फेंकते हुए पाए जाएंगे, उनके खिलाफ नियम अनुसार कार्रवाई की जाएगी। नगर पालिका की इस पहल को लेकर स्थानीय लोगों ने इसे कनीना को क्लीन एंड ग्रीन बनाने की दिशा में सराहनीय कदम बताया।