महेंद्रगढ़। गुलेल गैंग की सरगना काली उर्फ संतरो को राजस्थान की हनुमानगढ़ पुलिस ने सोमवार की देर शाम महेंद्रगढ़ क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है। उसके ऊपर राजस्थान के बीकानेर, चुरू सहित अन्य थानों में चोरी के कई मामले दर्ज हैं। उसके ऊपर 15 हजार रुपये का इनाम घोषित है।
हनुमानगढ़ के पल्लू क्षेत्र स्थित ब्राह्मणी माता मंदिर में हुई चोरी के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए संतरो को गिरफ्तार किया। आरोपी काली उर्फ संतरो महेंद्रगढ़ जिले के गांव पड़तल की निवासी है। 20 अक्तूबर 2025 को पल्लू क्षेत्र के प्रसिद्ध मां ब्रह्माणी मंदिर के पुजारी ने थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी।
रिपोर्ट के अनुसार रात के समय चोरों ने मंदिर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और करीब आठ किलोग्राम चांदी से बनी मूर्ति, काली माता का चांदी का मुकुट, छत्र सहित अन्य आभूषण चोरी कर लिए थे। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
राजस्थान पुलिस की एक विशेष टीम का गठन किया गया और आरोपियों की तलाश तेज की गई। जांच के दौरान गिरोह के कई सदस्यों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है, जिनमें हरियाणा और राजस्थान के विभिन्न क्षेत्रों के आरोपी शामिल हैं।
पुलिस ने एक बाल अपचारी को भी हिरासत में लेकर बाल सुधार गृह भेजा था। अब पुलिस ने गिरोह की मुख्य सरगना काली उर्फ संतरो को भी गिरफ्तार कर लिया है।
थाना प्रभारी पल्लू, सुरेश मील ने बताया कि यही महिला पूरे गिरोह का संचालन कर रही थी और मंदिर चोरी की इस वारदात में इसकी अहम भूमिका थी। फिलहाल आरोपी महिला से पूछताछ जारी है। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों और उनके द्वारा की गई अन्य वारदातों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
पुलिस का दावा है कि गुलेल गैंग लंबे समय से मंदिरों और धार्मिक स्थलों को निशाना बनाता रहा है। इस गिरफ्तारी के बाद क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगने की उम्मीद जताई जा रही है और जल्द ही पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जा सकता है।