महेंद्रगढ़। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय महेंद्रगढ़ शाखा की ओर से महाशिवरात्रि महोत्सव मनाया गया। शीला के नेतृत्व में वीरवार को सुबह कलश यात्रा और सड़क सुरक्षा रैली निकाली गई। रैली को शहरी थाना प्रभारी उदयभान के दिशा निर्देश में उप निरीक्षक कृपाल सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस मौके पर भगवान शिव की सुंदर झांकी के साथ सभी महिलाएं कलश लेकर, पुरुष सड़क सुरक्षा जीवन रक्षा के स्लोगन लिखी पट्टिकाएं लेकर विष्णु कॉलोनी स्थित प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय शाखा महेंद्रगढ़ के केंद्र से चलकर बालाजी चौक, सिनेमा रोड, मसानी चौक, परशुराम चौक, सब्जी मंडी रोड, विश्वकर्मा चौक, आंबेडकर चौक होते हुए नगर पालिका महेंद्रगढ़ के सामने प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित महाशिवरात्रि महोत्सव स्थल पर पहुंची। जहां पर उनका वरिष्ठ राजयोगिनी रतन, शीला, मधु और बीके मनोहर ने भव्य स्वागत किया।
इस कार्यक्रम में नरेंद्र कौशिक डीईटीसी मुख्यातिथि रहे। नगरपालिका के चेयरमैन रमेश सैनी विशिष्ठ अतिथि के रूप में उपस्थित रहे ।कार्यकर्म की अध्यक्षता राजयोगिनी रतन, शीला ने संयुक्त रूप से की जबकि मंच संचालन का कार्य मधु ने किया। मुख्यातिथि नरेंद्र कौशिक व चेयरमैन रमेश सैनी ने ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय महेंद्रगढ़ द्वारा मनाए गए महाशिवरात्रि महोत्सव कार्यक्रम के लिए संस्था की सराहना की। इस मौके पर कृपाल सिंह सब इंस्पेक्टर, बलजीत मौजूद रहे।