संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी अटेली। स्थानीय नगरपालिका में कार्यरत जूनियर इंजीनियर मनीष कुमार को मंगलवार को विभागीय कार्यों में अनियमितताओं के चलते डीएमसी ने निलंबित कर दिया है। उनका कार्यभार नांगल चौधरी में कार्यरत जेई अनिल कुमार को सौंपा गया है।
जानकारी के अनुसार, विभाग के कार्यों की समीक्षा के दौरान कुछ अनियमितताओं को गंभीरता से लिया गया है जिसके बाद मनीष कुमार के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की गई हालांकि विभाग की ओर से अनियमितताओं के विस्तृत कारणों का खुलासा अभी तक नहीं किया गया है।
जेई अनिल कुमार को अटेली नगर पालिका का अतिरिक्त कार्यभार सौंपते हुए निर्देश दिए हैं कि वे सभी लंबित विकास कार्यों, निर्माण कार्यों व तकनीकी मामलों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करें। अधिकारियों का कहना है नागरिक सेवा और विकास कार्यों में किसी प्रकार की बाधा नहीं आनी चाहिए।