जल एवं स्वच्छता सहायक संगठन जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग द्वारा ग्राम जल एवं सीवरेज समिति सदस्यों को एक दिवसीय क्षमता संवर्धन प्रशिक्षण दिया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम पंचायत नांगल श्यालू के सरपंच अश्वनी शर्मा ने की।
विभाग की ओर से नारनौल के खंड संसाधन संयोजक इंद्रजीत ने कहा कि विभाग की जल जीवन मिशन योजना को सफल बनाने में ग्राम जल एवं सीवरेज समिति के साथ-साथ सभी की भागीदार जरूरी है। सभी घरों को स्वच्छ पेयजल का लक्ष्य तभी पूरा हो सकता है जब सभी अपने-अपने पेयजल कनेक्शनों को सुरक्षित करे। कुछ उपभोक्ताओं के पेयजल कनेक्शन नाली के अंदर होते है या बिना टोंटी के होते हैं जो पेयजल की बर्बादी को बढ़ाते हैं। यह बीमारी के कारण भी बनते हैं इसलिए सभी की जागरूकता से ही जल जीवन मिशन अभियान सफल होगा। इसके अतिरिक्त पेयजल से संबंधित समस्या के लिए उपभोक्ता विभाग के टोल फ्री नंबर 18001805678 पर अपनी शिकायत दर्ज करवा सकते हैं।
इस अभियान की सफलता के लिए प्रत्येक ग्रामपंचायत से एक पंप ऑपरेटर को नल जल मित्र का प्रशिक्षण देने के साथ-साथ विभाग द्वारा समय समय पर पेयजल की व्यवस्था करने वाले कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। सरपंच अश्वनी शर्मा ने बताया कि ग्राम पंचायत नांगल श्यालू में सभी घरों को समान व स्वच्छ पेयजल के लिए ग्राम जल एवं सीवरेज समिति पूरा प्रयास करेगी। प्रशिक्षण के उपरांत समिति सदस्यों को प्रमाण पत्र दिए गए।