संवाद न्यूज एजेंसी
सतनाली। आमजन की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सतनाली के खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी कार्यालय में आयोजित सरकार आपके द्वार शिविर में ग्रामीणों की विभिन्न समस्याओं पर सुनवाई की गई।
कैंप में करीब 38 शिकायतें सामने आईं, जिनमें सबसे अधिक मामले फैमिली आईडी और पेंशन से संबंधित रहे। बीडीपीओ अंकित ने बताया कि कैंप में मौजूद संबंधित विभागों के कर्मचारियों ने लोगों की समस्याओं को सुना और दस्तावेजों की जांच करते हुए अधिकांश मामलों का मौके पर ही समाधान किया।
वहीं करीब चार शिकायतें ऐसी रहीं, जिनका समाधान मौके पर संभव नहीं था। इन शिकायतों को आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को ट्रांसफर कर दिया गया। शिविर के दौरान समाज कल्याण अधिकारी नारनौल अमित शर्मा ने पहुंचकर व्यवस्थाओं और शिकायतों के निस्तारण की प्रक्रिया का निरीक्षण किया।
उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से आमजन की ओर से रखी जा रही समस्याओं तथा उनके समाधान के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने बताया कि प्रशासन की ओर से 21 सितंबर को कम्युनिटी सेंटर सतनाली में सरकार आपके द्वार शिविर का दोबारा आयोजन किया जाएगा। इसके बाद 22 सितंबर को गांव माधोगढ़ में कैंप आयोजित किया जाएगा।