कनीना। शहर थाना पुलिस ने ऑनलाइन आईपीएल क्रिकेट सट्टेबाजी के चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस को सूचना मिली थी कि गांव उन्हाणी में एक प्लॉट के कमरे में ऑनलाइन सट्टा लगाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने वीरवार देर शाम मौके पर छापेमारी की।
रेड के दौरान पुलिस ने सोनू निवासी उन्हाणी, जोगेंद्र निवासी चरखी, पिंटू निवासी चेलावास और शुभम निवासी गुढ़ा को मौके से सट्टा लगाते हुए पकड़ लिया। पुलिस को देखकर आरोपी मोबाइल और लैपटॉप छोड़कर भागने लगे लेकिन टीम ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया।
पुलिस ने मौके से दो एंड्रॉयड मोबाइल, एक आईफोन और एक लैपटॉप बरामद किया है। इसके अलावा मोबाइल में मिले रिकॉर्ड के आधार पर सट्टे से जुड़ी 50 स्क्रीनशॉट पर्चियां भी कब्जे में ली गई हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।