नोट बंदी के बाद से लगातार बैंकों में लेन-देन के लिए लोगों भारी मारामारी चल रही है। बैंकों में भीड़ कम होने का नाम नहीं ले रही है। नोट बंदी के नौ दिन बाद वीरवार को भी सुबह बैंकों के खुलने से पूर्व उनके बाहर लोगों लंबी-लंबी लाइनें लग रही हैं। वहीं पैसे निकलवाने के लिए एटीएम मशीनों पर भी देर रात तक लोगों की भीड़ जमा रहती है। हालांकि वीरवार को कई बैंकों में एक्सचेंज के समय स्याही लगाने से वहां भीड़ जल्दी ही कम होती दिखाई दी। इससे बैंकों में अपने पैसे जमा कराने आए उपभोक्ताओं को थोड़ी राहत मिली। कई बैंकों में नकदी कम आने के कारण कहीं पर दो तो कहीं पर पांच हजार रुपये तक ही नकद दिए गए।
आरबीआई ने लोगों को अपने खाते से एक दिन में 24 हजार रुपये तक की निकासी करने की बड़ी राहत दी है। लेकिन लोगों को एकआध बैंक छोड़ दें तो कोई भी पांच हजार से अधिक राशि नहीं दे रहा। कई बैंकों में करेंसी की कमी के चलते वीरवार को केवल खाताधारकों के ही पैसे जमा किए व निकासी की।
स्याही लगाकर की एक्सचेंज करेंसी
रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया के निर्देशानुसार वीरवार को नारनौल शहर के कुछ बैंकों में पहली बार पैसे एक्सचेंज करवाने लोगों को स्याही लगाकर करेंसी दी गई। जबकि कुछ बैंकों में वीरवार को भी स्याही नहीं पहुंच पाई। जिसके चलते सामान्य दिनों की भांति लोगों की करेंसी एक्सचेंज की गई।
स्याही के डर से बैंक में नहीं पहुंचे लोग
आरबीआई की दिशा निर्देश के बाद नारनौल में वीरवार को एक-दो बैंकों में करेंसी एक्सचेंज लोगों को स्याही लगाई गई। जिसके चलते उक्त बैंकों में एक्सचेंज करवाने वाले लोगों की भीड़ न के बराबर रही। करेंसी एक्सचेंज के काउंटरों पर दो से चार लोग ही खड़े देखे गए।
एटीएम मशीनों पर भी रही मारामारी
पैसों की निकासी के लिए वीरवार को एटीएम मशीनों पर भी लोगों की मारामारी रही। तीन-चार बैंकों के ही एटीएम मशीनों में पैसों की निकासी हो सकी। जिस कारण एटीएम के बाहर भी लोगों की भारी भीड़ देखने को मिली। वहीं एटीएम में पैसे नहीं होने के बावजूद भी लोग एटीएम मशीनों के बाहर लाइन लगाकर मशीनों में पैसे डलने का इंतजार करते रहे।
तैनात रहा पुलिस बल
करेंसी निकलवाने व जमा करवाने के लिए बैंकों के बाहर लग रही भारी भीड़ को काबू करने के लिए प्रत्येक बैंक पर पुलिस जवानों की तैनाती की गई है ताकि भीड़ को बेकाबू होने से संभाला जा सके। वहीं किसी प्रकार की घटना को भी रोका जा सके।
बैंकों में पर्याप्त मात्रा में कैश नहीं आ रहा। इससे परेशानी ज्यादा हो रही है। 500-500 के नोट आने के बाद ही समस्या का समाधान हो पाएगा--रघुनंदन
बैंक में कैश निकलवाने आया था, लेकिन कैश ही ज्यादा नहीं दिया जा रहा। दो या पांच हजार रुपये ही हाथों में थमाए जा रहे हैं।-विजय चौधरी
अनेक एटीएम बंद हैं, जो खुले हुए हैं, उनमें भारी भीड़ है। घर में खुले पैसे खत्म हो गए हैं। अब सामान आदि लाने में काफी समस्या हो रही है। -जीतू कुमार