महेंद्रगढ़। हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय (हकेंवि) महेंद्रगढ़ के प्रिंटिंग व पैकेजिंग विभाग द्वारा मुद्रण मानकों को अपनाने की प्रक्रिया पर आधारित विशेषज्ञ व्याख्यान का आयोजन किया गया।
विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी के अधिष्ठाता प्रो. फूल सिंह ने कहा कि इस तरह के आयोजन प्रतिभागियों को उद्योग जगत में नए-नए बदलावों को सीखने का अवसर प्रदान करते हैं। आयोजन में विशेषज्ञ वक्ता प्रो. अंजन कुमार बराल ने मुद्रण मानकों को लागू करने की प्रक्रिया पर व्याख्यान देते हुए प्रिंटिंग और पैकेजिंग के क्षेत्र में हो रही प्रगति के बारे में अवगत कराया। उन्होंने बताया कि अभी भारत में करीब दो लाख पचास हजार प्रिंटिंग प्रेस है। उन्होंने स्टैंडर्डाइजेशन की उपयोगिता पर बल देते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में प्रिंट उत्पाद को निर्यात करने के लिए अंतरराष्ट्रीय मानकों का पालन करना आवश्यक है। इससे पूर्व में प्रिंटिंग एंड पैकेजिंग विभाग के प्रभारी संदीप बूरा ने स्वागत भाषण प्रस्तुत किया। आयोजन में गुरु जंभेश्वर विज्ञान एवं तकनीकी विश्वविद्यालय हिसार के प्रिंटिंग विज्ञान विभाग के प्रो. अंजन कुमार बराल विशेषज्ञ के रूप में उपस्थित रहे। विश्वविद्यालय कुलपति प्रो. टंकेश्वर कुमार ने आयोजन के लिए विभाग की सराहना की।