फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Mahendragarh-Narnaul News: हकेंवि में संसदीय कार्यप्रणाली से विद्यार्थियों को कराया अवगत

Wed, 20 Nov 2024 01:43 AM IST
रोहतक ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, महेंद्रगढ़/नारनौल
विज्ञापन
विज्ञापन
महेंद्रगढ़। हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय में पत्रकारिता और जनसंचार विभाग द्वारा पीआरएस लेजिस्लेटिव रिसर्च, नई दिल्ली के सहयोग से संसदीय रिपोर्टिंग पर कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसमें संसद की कार्यप्रणाली, उसके महत्व और पत्रकारिता के क्षेत्र में इसकी भूमिका पर चर्चा की गई।
विज्ञापन

विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. टंकेश्वर कुमार ने कार्यशाला के आयोजन के लिए विभाग को बधाई दी। कार्यशाला के दौरान पीआरएस लेजिस्लेटिव के डिप्टी हेड रिसर्च साकेत कुमार ने कहा कि देश की संसदीय परंपरा की पारदर्शिता एवं लोकतंत्र की मजबूती के लिए यह जरूरी है कि देश का प्रत्येक व्यक्ति संसद में होने वाली गतिविधि के बारे में जागरूक बने।
उन्होंने कहा कि जब मीडिया तटस्थता के साथ संसद में जनहित में होने वाले कार्य की रिपोर्टिंग करती है तो इससे भारतीय लोकतंत्र को और अधिक मजबूती मिलती है। संसद के माध्यम से कानून, अध्यादेश, सुझाव और अन्य नीतिगत बदलाव आते हैं। पत्रकारों का दायित्व है कि वे इन मुद्दों को सरल भाषा में आम जनता तक पहुंचाए।
विज्ञापन

उन्होंने बताया कि शून्य काल, प्रश्नकाल, विधायी कामकाज और निजी सदस्य के काम संसद की कार्यवाही के अहम हिस्से हैं। पत्रकारों को विधेयक पारित होने की प्रक्रिया को समझना चाहिए। एक पत्रकार के लिए यह समझना आवश्यक है कि संसद में बिल कैसे पेश किए जाते हैं, उन पर चर्चा कैसे होती है और वे कैसे पारित किए जाते हैं। पीआरएस प्रोग्राम ऑफिसर यशिका ने विद्यार्थियों को बजट और वित्तीय प्रक्रिया की व्यापक जानकारी दी। बजट केवल टैक्स लगाने का विषय नहीं है। यह तय करता है कि किस मंत्रालय को कितना पैसा मिलेगा। बजट दो हजार से अधिक पृष्ठों का होता है, जो आम जनता के लिए समझना कठिन होता है। ऐसे में संसद में होने वाली चर्चाओं से समझ बनती है और मीडिया उनको रिपोर्ट कर लोगों को जागरूक करता है।
यशिका ने बजट की प्रमुख बातों को स्पष्ट करते हुए प्राप्ति बजट, वित्त विधेयक, विनियोग विधेयक, अनुदान मांग और राजकोषीय घाटे के बारे में जानकारी दी। कार्यशाला के अंत में विभागाध्यक्ष डॉ. अशोक कुमार ने कहा कार्यशाला के माध्यम से पत्रकारिता एवं जनसंचार तथा राजनीतिक विज्ञान विभाग के विद्यार्थियों ने विधायिका की पूरी प्रक्रिया को समझा है। जिसका लाभ निश्चित रूप से भविष्य में मिलेगा। कार्यशाला के संयोजक डॉ. सुरेंद्र कुमार ने सभी का धन्यवाद किया। इस अवसर पर डॉ. आलेख, डॉ. नीरज करण सिंह, डॉ. भारती बत्रा सहित विद्यार्थी एवं शोधार्थी उपस्थित रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें