स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम की रिहर्सल शुक्रवार को आईटीआई परिसर में विभिन्न स्कूली बच्चों ने की। एडीसी मुनीष नागपाल ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रभारियों को रिहर्सल करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिला स्तरीय इस कार्यक्रम में प्रस्तुतिकरण के दौरान बच्चे स्वयं भी गनगुनाते रहे। हावभाव से ही देश भक्ति की भावना साफ झलकनी चाहिए। समूह गान में बच्चों के एक्शन एक साथ हो जिससे कार्यक्रम को ओर आकर्षक का रूप दिया जा सके।
13 अगस्त को फाइनल रिहर्सल के दिन किसी प्रकार की कमी न रहे। यह प्रयास प्रत्येक टीम प्रभारी करें। कार्यक्रम प्रभारियों को उन्होंने निर्धारित समय में ही कार्यक्रम प्रस्तुत करने को कहा। नागपाल ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को मैदान की सफाई करवाने के निर्देश दिए ताकि रिहर्सल के दौरान बच्चे अपनी प्रस्तुति बेहतरीन तरीके से दें सके। बच्चों के लिए पेयजल की व्यवस्था होनी चाहिए। शुक्रवार को 11 स्कूलों के बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। सीएल पब्लिक स्कूल ने देश भक्ति गीत, एमआर मित्रपुरा व पुलिस लाइन स्थित डीएवी पब्लिक स्कूल व राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के बच्चों ने हरियाणवी लोक नृत्य, एएसडी वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय ने देश भक्ति, कोयल पब्लिक स्कूल खटोटी ने राजस्थानी नृत्य, यदुवंशी स्कूल ने पंजाबी भांगडा, ओम इंटरनेशनल स्कूल ने गिद्धा, आरपीएस सुराना स्कूल से कव्वाली तथा आरएनआर स्कूल सलीमपुर के बच्चों ने देश भक्ति गीत व सरस्वती वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के बच्चों ने राष्ट्रीय गान की प्रस्तुति दी। एडीसी ने सरताज से मार्च पास्ट की तैयारी की जानकारी ली। इस अवसर पर शिक्षा विभाग से राजबाला व रमेश सोनी के अतिरिक्त विभिन्न विभागीय अधिकारी मौजूद थे।