फोटो 07 खंड स्तरीय कांग्रेस कार्यालय का उद्घाटन करते हुए प्रदेश प्रभारी संजय दत्त। स्रोत: प्रवक
सिहमा। हरियाणा कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी संजय दत्त और प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने शनिवार को सिहमा में खंड स्तरीय कांग्रेस कार्यालय का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों को संबोधित करते हुए पार्टी संगठन को मजबूत बनाने और कांग्रेस की विचारधारा को गांव-गांव तक पहुंचाने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती बाल दिवस के रूप में मनाई गई। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। साथ ही देश के विकास में उनके योगदान को याद किया।
प्रदेश प्रभारी संजय दत्त ने कहा कि खंड के सभी गांवों में कांग्रेस की विचारधारा पहुंचाने के लिए कार्यकर्ताओं को सक्रिय रहना होगा। उन्होंने कहा कि वोट चोरी का मुद्दा किसी एक पार्टी का नहीं, बल्कि लोकतंत्र और आम नागरिक के अधिकारों से जुड़ा है। हर व्यक्ति के वोट का सम्मान होना चाहिए।
प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत जनता का वोट है। मतदान प्रक्रिया में किसी भी तरह की गड़बड़ी लोकतंत्र के लिए ठीक नहीं है। उन्होंने लोकतंत्र की रक्षा के लिए जनता से जागरूक और सक्रिय रहने की अपील की।