जिले में कोरोना का संक्रमण लगातार बढ़ता जा रहा है। शनिवार को तीन नए कोरोना संक्रमित लोग मिले हैं। 10 दिन में जिले में 48 कोरोना केस आ चुके हैं। इसके बावजूद भी लोग मास्क और सामाजिक दूरी को लेकर गंभीर नहीं है। बाजार, बस स्टैंड व अन्य सार्वजनिक स्थानों पर लोग बिना मास्क लगाकर घूम रहे हैं।
सिविल सर्जन डॉ. अशोक कुमार ने बताया कि जिले में शनिवार को तीन नए कोरोना संक्रमित केस आए हैं। अब जिले में कोरोना संक्रमित की कुल संख्या 6704 हो गई है। शनिवार को तीन कोरोना संक्रमित मरीज को डिस्चार्ज किया गया है। अभी तक जिले में कुल 6639 कोरोना संक्रमित मरीज ठीक हो चुके हैं। डॉ. अशोक ने बताया कि अभी तक जिले में 21 कोरोना संक्रमित मरीजों की मृत्यु हो चुकी है। कोरोना के 44 केस अभी भी एक्टिव हैं। 10 अप्रैल तक 155172 नागरिकों की स्क्रीनिंग की गई है। इनमें से 92459 मरीजों में सामान्य बीमारी पाई गई है। कोविड-19 के लिए अब तक जिले से 176283 सैंपल भेजे गए हैं। इनमें से 1648 सैंपल की रिपोर्ट आनी शेष है। शनिवार को तीन केस उन्हाणी गांव में मिले हैं।
ऐसे बढ़ता जा रहा है कोरोना का संक्रमण
बता दें कि पिछले साल दिसंबर से ही कोरोना का संक्रमण कम होने लगा था। फरवरी में दो कोरोना के मामले आए थे। लेकिन, मार्च से कोरोना मरीजों की संख्या बढ़ने लगी। मार्च में 42 मामले आए थे। अप्रैल में 10 दिन में 48 मामले आ चुके हैं। इसमें एक अप्रैल को चार, दो अप्रैल को चार, तीन अप्रैल सात, चार अप्रैल को पांच, पांच अप्रैल को आठ, छह अप्रैल को एक, सात अप्रैल को चार, आठ अप्रैल को पांच, नौ अप्रैल को सात और दस अप्रैल को तीन मामले आए।
हर गांव में लगेगा कोविड-19 टीकाकरण कैंप, 28 हजार को टीका लगाने का लक्ष्य
जिले में कोविड-19 की रोकथाम के लिए 11 से 14 अप्रैल तक टीका उत्सव मनाया जाएगा। इस दौरान जिले के हर गांव में कैंप लगाकर 28 हजार लोगों को टीका लगाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके अलावा सोमवार को कोर्ट कॉम्प्लेक्स में भी कैंप लगेगा।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अशोक कुमार ने बताया कि टीका उत्सव के दौरान 45 से 60 वर्ष तक की उम्र के नागरिकों को कोविड-19 की रोकथाम के लिए टीका लगाया जाएगा। उन्होंने नागरिकों से आह्वान किया हैं कि वे टीका जरूर लगवाएं। उन्होंने कहा कि इसके बाद एक निश्चित अवधि के बाद दूसरा टीका लगवाना भी जरूरी है। यह टीका पूरी तरह से सुरक्षित है। इस अभियान के लिए हर गांव में टीम नियुक्त कर दी गई है। डॉ. अशोक ने बताया कि कैंप में सभी नागरिक अपना आधार कार्ड लेकर आएं ताकि उनका मौके पर ही पंजीकरण करके टीकाकरण किया जा सके। 11 से 14 अप्रैल तक चलने वाले इस अभियान में जिले के 28 हजार लोगों को टीका लगाने का लक्ष्य रखा गया है। सीएमओ ने बताया कि जिले में पर्याप्त मात्रा में वैक्सीन पहुंच चुकी है। संबंधित सेंटर पर भी स्वास्थ्य विभाग की टीम सहित सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई है। इस अभियान में प्राथमिकता उन गांवों को दी जाएगी, जिनमें अभी तक कैंप नहीं लगाए गए। टीका लगने के बाद भी कोविड-19 के संबंध में सभी एहतियात उपाय करें। मास्क पहने, दो गज की दूरी रखें तथा सरकार द्वारा जारी सभी गाइड लाइन की पालना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि लोगों की लापरवाही के कारण जिले में कोरोना संक्रमित के दोबारा केस आने लगे हैं। ऐसे में सभी को अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत है।