नारनौल। मुख्यमंत्री उड़नदस्ता रेवाड़ी और गुप्तचर विभाग की संयुक्त टीम ने 13 नवंबर को 10 राजकीय पशु अस्पतालों का औचक निरीक्षण किया। जांच में भारी अनियमितताएं मिलीं। आधे से अधिक अस्पताल बंद मिले और अधिकांश कर्मचारी ड्यूटी से नदारद थे।
कुल 25 कर्मचारियों में से 14 गैरहाजिर पाए गए। टीम ने मंढ़ाणा, पटीकरा, शोभापुर, बिगोपुर, कोरियावास, ढाणी बाठोठा, तोताहेड़ी-सिलारपुर, मांदी, घाटाशेर और हसनपुर के अस्पतालों में निरीक्षण किया। इसके बाद अधिकांश अस्पतालों की पड़ताल की गई तो सभी समय से खुले मिले और अधिकारी-कर्मचारी मौजूद पाए गए।
मंढ़ाणा, पटीकरा व कोरियावास के अस्पताल में मुख्य रूप से गर्भधारण का कार्य करवाया जाता है। पशुओं को बुखार, सर्द-गर्म, अपच, एलर्जी व थनेला रोग का उपचार दिया जा रहा है। थनेला के अलावा सभी दवाएं मौजूद हैं, लेकिन थनेला की दवा पशुपालकों को बाहर से लेनी पड़ रही है।
स्टाफ भी कम
मंढ़ाणा व नीरपुर के अस्पताल में दो सफाईकर्मी, पटीकरा में एक सफाईकर्मी व वीएलडीए तथा कोरियावास में दो सफाईकर्मी, एक वीएलडीए व सहायक के पद रिक्त हैं। निजामपुर अस्पताल में भी एक वीएलडीए और दो सफाई कर्मचारियों के पद खाली हैं। डॉ. अजय पाल ने बताया कि विभाग के तीन पशु एवं पशुधन विकास सहायक कार्यरत हैं, दो निजामपुर व एक बसीरपुर में। तीन पशु परिचर निजामपुर, बसीरपुर और घाटाशेर में सेवाएं दे रहे हैं जबकि निजामपुर में केवल एक सफाई कर्मचारी नियुक्त है। क्षेत्र के पशुओं में पेट के कीड़े, दस्त, बुखार और संक्रमण आम हैं। अधिकांश दवाइयां अस्पताल में ही मिलती हैं और बहुत कम बाहर से लिखनी पड़ती हैं।
चिकित्सकों की कमी नहीं, दवाइयों का अभाव
मंडी अटेली। अटेली नांगल ब्लॉक के 43 गांवों में आठ पशु अस्पताल व 30 पशु औषधालय हैं। खेड़ी, कांटी, चंदपुरा, बाछौद, तिगरा, सिलारपुर, राता व अटेली में अस्पताल हैं। पशुपालन मुख्य सहायक व्यवसाय है और पशुपालकों की संख्या लगभग 45 फीसदी है। चिकित्सक व वीएलडीए समय पर पहुंचकर जांच, सलाह, टीकाकरण व कृत्रिम गर्भाधान करते हैं। लेकिन जरूरी दवाइयां उपलब्ध न होने पर पशुपालकों को निजी मेडिकल से महंगी दवा खरीदनी पड़ती है।
वर्जन
अस्पतालों में स्टाफ की कमी बनी हुई है और ऐसे में काम में कुछ परेशानियों का सामना भी करना पड़ता है। इस संबंध में मुख्यालय को कई बार अवगत कराया जा चुका है।
नसीब सिंह, उप निदेशक, पशुपालन विभाग, नारनौल।
फोटो 09 निजामपुर स्थित पशु अस्पताल। संवाद