नारनौल। शहर के बड़ा बाग में शनिवार सुबह छह बजे पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान नारनौल निवासी हिस्ट्रीशीटर शिवदयाल के पैर में गोली लग गई। वहीं पुलिस ने उसके साथी अलवर जिले के रामनगर कॉलोनी निवासी करणजीत सिंह को भी मौके से गिरफ्तार किया है।
दोनों उपचार के लिए नागरिक अस्पताल में भर्ती हैं। आरोपियों के पास से दो अवैध हथियार और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। घटना नारनौल रेलवे स्टेशन के समीप बड़ा बाग क्षेत्र की एक गली में हुई।
पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ दिन पहले सलामपुरा मोहल्ले में फायरिंग की वारदात को अंजाम देने वाला आरोपी शिवदयाल ट्रेन से नारनौल आ रहा है।
सूचना के आधार पर टीम पहले से ही रेलवे स्टेशन क्षेत्र में मौजूद थी। जानकारी के अनुसार, दोनों बदमाश स्टेशन से पहले ही ट्रेन से उतरकर भागने लगे। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उन्हें रोकने का प्रयास किया। इसी दौरान बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी।
वहीं, जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की। दोनों ओर से हुई गोलीबारी में शिवदयाल के पैर में गोली लग गई जिससे वह मौके पर ही गिर पड़ा। पुलिस ने दोनों आरोपियों को काबू में ले लिया। वहीं सीआईए इंचार्ज की बुलेटप्रूफ जैकेट में भी गोली लगी। पुलिस ने मौके से दोनों बदमाशों के पास से अवैध हथियार भी बरामद किए हैं।
सलामपुरा फायरिंग का मुख्य आरोपी
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शिवदयाल वही आरोपी है जिसने 6 जनवरी को मोहल्ला सलामपुरा में थार गाड़ी में आकर बोलेरो सवार नारनौल निवासी जितेंद्र पर फायरिंग की थी। उस घटना के बाद से वह पुलिस की पकड़ से बाहर था। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर उसके नेटवर्क, हथियारों की सप्लाई और अन्य आपराधिक वारदातों के संबंध में जानकारी जुटा रही है। अधिकारियों का कहना है कि इस गिरफ्तारी से क्षेत्र में अपराध पर लगाम लगाने में मदद मिलेगी
वर्जन:
आरोपी शिवदयाल ने कुछ दिन पहले फायरिंग की वारदात को अंजाम दिया। आज सुबह पुलिस ने तत्परता दिखाते उसे गिरफ्तार किया। पूछताछ कर उनके आपराधिक मामलों, अवैध हथियारों के स्रोतों और अन्य वारदातों में उनकी संलिप्तता के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। -पूजा वशिष्ठ, जिला पुलिस अधीक्षक, नारनौल