नारनौल। आम नागरिकों को अपराधियों की धमकी भरी और एक्सटॉर्शन कॉल्स से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से अभेद्य ऐप एक प्रभावी सुरक्षा प्लेटफॉर्म के रूप में सामने आया है। पुलिस अधीक्षक दीपक ने कहा कि यह विशेष रूप से उन लोगों के लिए फायदेमंद है जिन्हें धमकी या वसूली से जुड़े कॉल्स आने की आशंका रहती है।
उन्होंने बताया कि यह मोबाइल-आधारित ऐप अंतरराष्ट्रीय, वर्चुअल या मास्क किए गए संदिग्ध नंबरों से आने वाली कॉल्स और व्हाट्सएप संदेशों की पहचान कर उन्हें उपयोगकर्ता तक पहुंचने से पहले ही स्वतः ब्लॉक कर देता है। इससे अपराधियों की ओर से फैलाए जाने वाले भय और मानसिक उत्पीड़न पर प्रभावी रोक लगाई जा सकती है।
ऐप की खास बात यह है कि ब्लॉक की गई कॉल्स और नंबरों का पूरा डेटा बैकएंड में सुरक्षित रूप से पुलिस के पास उपलब्ध रहता है। इस डेटा के आधार पर पुलिस अपराधियों की पहचान और ट्रैकिंग कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई कर सकती है।
उपयोगकर्ताओं की सुविधा के लिए 24 घंटे हेल्पलाइन सेवा भी उपलब्ध कराई गई है। ऐप के उपयोग में किसी भी प्रकार की समस्या आने पर नागरिक लैंडलाइन नंबर 01722-930112 या व्हाट्सएप/मोबाइल नंबर 91 9056555492 पर संपर्क कर तुरंत तकनीकी सहायता प्राप्त कर सकते हैं। पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे इस ऐप का अधिक से अधिक उपयोग कर अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करें।