नारनौल डिपो पर गत 7 माह से हैप्पी कार्ड की नई खेप न पहुंचने से आवेदकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वर्ष 2024 में मार्च से लेकर अगस्त तक आवेदन करने वाले पात्रों के कार्ड नारनौल डिपो पर आ चुके हैं। लेकिन, गत वर्ष सितंबर माह से मई माह तक आवेदन करने वाले अब तक कार्ड मिलने का इंतजार कर रहे हैं। आवेदक के फोन पर कार्ड प्राप्त करने का संदेश आ रहा है, लेकिन डिपो पहुंचते हैं तो उन्हें यह कहकर लौटा दिया जाता है कि कार्ड बनकर नहीं आया है।
सितंबर से मई तक 38 हजार हैप्पी कार्ड नहीं पहुंचे
गत सितंबर माह से मई माह तक हैप्पी कार्ड के लिए आवेदन करने वाले करीब 38 हजार लोगों के हैप्पी कार्ड अब तक नारनौल डिपो नहीं पहुंचे हैं। इस कारण स्थानीय लोगों सहित जिले भर से दूर-दराज व ग्रामीण क्षेत्र के लोग हैप्पी कार्ड के लिए नारनौल डिपो के चक्कर काट रहे हैं।
क्या है हैप्पी कार्ड योजना
प्रदेश सरकार ने राज्य के गरीब परिवारों के जीवन को सुलभ बनाने के उद्देश्य से वर्ष 2024 में हैप्पी कार्ड योजना की शुरुआत की थी। योजना के तहत हैप्पी कार्ड बनवाने के बाद पात्र साल भर में 1000 किलोमीटर तक यात्रा कर सकता है। इसे बनवाने के लिए आवेदक को महज 50 रुपये खर्च करने होंगे। आवेदन के लिए परिवार की वार्षिक कमाई 1 लाख रुपये से कम होनी चाहिए।
जिले में अब तक करीब 96 हजार लोगों को हैप्पी कार्ड वितरित किए जा चुके हैं। वहीं जिन लोगों के हैप्पी कार्ड बन कर नहीं आए हैं, उसके लिए उच्च विभाग को अवगत करवा दिया गया है। उम्मीद है जल्द ही हैप्पी कार्ड की नई खेप नारनौल डिपो पहुंचेगी। इसके बाद लोगों को सुचित कर दिया जाएगा ताकि लोगों को परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।
मनोज कुमार शर्मा, महाप्रबंधक, नारनौल डिपो