महेंद्रगढ़। बिजली निगम के जिम्मेदार ग्राम पंचायत पाली की ओर से भेजी गई शिकायतों पर समय से चेत करते जो गांव पानी की 53 वर्षीय महिला सरिता देवी की जान नहीं जाती।
गांव पाली के एक दर्जन से अधिक जर्जर बिजली के खंभों को बदलवाने के लिए निगम को ग्राम पंचायत की ओर से तीन बार पत्र लिखा गया, लेकिन जिम्मेदारों ने डेढ़ साल में भी कोई संज्ञान नहीं लिया। बुधवार को मृत सरिता देवी के बेटे गौरव ने बिजली मंत्री अनिल विज को पत्र भेजकर इस मामले की जांच कराकर दोषी अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
ग्राम पंचायत की ओर से बार-बार जर्जर खंभों को बदलने की गुहार के बावजूद भी जिम्मेदारों ने चेत नहीं किया। एक दर्जन से अधिक जर्जर खंभे हादसों को निमंत्रण दे रहे हैं। निगम की ओर से गांव में खड़े कुछ खंभों को तो दूसरे पोल का सहारा देखकर काम चलाया जा रहा है। साथ ही जो भी पोल जर्जर हैं उनके साथ एक ओर पोल देकर सहारा दिया है जबकि इनके स्थान पर नए पोल नहीं लगाए गए।
-
- तीन बार दी गई शिकायत पर नहीं चेते जिम्मेदार
ग्राम पंचायत पाली के सरपंच देशराज फौजी ने बताया कि ग्राम पंचायत की ओर से पहली शिकायत 19 अक्तूबर 2023 काे दी गई थी, लेकिन अधिकारियों व कर्मचारियों से केवल आश्वासन ही मिला। इसके बाद दूसरी शिकायत 9 अप्रैल 2024 को दी गई। इस पर भी निगम की ओर से जर्जर खंभों को बदलने के लिए कोई कार्रवाई नहीं की गई। तीसरी बार 25 जनवरी को शिकायत दी गई। लेकिन केवल आश्वासन मिलते रहे। गांव में एक दर्जन से अधिक पोल जर्जर हालात में इनमें दरारें आई हुई हैं कभी भी हादसा हो सकता है। हादसे के दूसरे दिन भी खंभों को बदलने के लिए कार्रवाई शुरू नहीं की गई है।
- वर्जन:
मई से जून के दौरान आए अंधड़ के कारण क्षेत्र में करीब 600 पोल टूट गए थे, लेकिन निगम ने तत्परता दिखाते हुए करीब 500 खंभे नए लगाए हैं। गांव पाली में इस पोल पर मकान के छज्जे का भी भार था। निगम नया पोल लगाता है तो दोनों ओर उसकी स्पोट के लिए स्टे लगाता है। लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों में जगह का अभाव होने के कारण स्टे नहीं लगाई जाती। यह घटना दुखद है और इस प्रकार की घटना न हो इसके लिए विभाग संभावित पोलों को बदलवाएगा। ग्राम पंचायत की ओर से जब भी सहयोग मांगा गया तो निगम के कर्मचारियों को भेजकर समस्या का समाधान भी कराया गया है।
- रणबीर सिंह, कार्यकारी अभियंता, बिजली निगम महेंद्रगढ़।
फोटो संख्या:65- गांव पाली में तिरछे खंभे के सहारे लगाया गया जर्जर खंभा--संवाद